झांसी। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध के मामले पर राज्यसभा सांसद बृजलाल ने पंजाब की चन्नी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रास्ते में जानबूझकर अवरोध उत्पन्न किया गया। ब्रिज पर पीएम 20 मिनट तक रहे, जो कि पाकिस्तान सीमा के पास है। पंजाब में आतंकी हमले भी होते रहते हैं। इस घटना के लिए सीधे तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। बिना मिलीभगत ऐसा नहीं हो सकता है।
भाजपा के कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने नवजोत सिंह सिद्धू को अनगाइडेड मिसाइल कहा। बोले कि पंजाब में जो हालात हैं, उस हिसाब से वहां राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए। इत्र कारोबारियों के यहां आयकर की छापेमारी पर बोले कि आज दीवारें नोट उगल रहीं हैं। थोक में सोना, चांदी और 200 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। ये कालाधन है, जो कि चुनाव के लिए इकट्ठा किया गया था। उन्होंने बीएसपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बसपा सरकार में एनआरएचएम घोटाला हुआ। सात हजार करोड़ में पांच हजार करोड़ खा लिया गया। इससे बीएसपी की छवि गिरी। एक सवाल के जवाब में कहा कि बुंदेलखंड में खनन माफिया काफी कुख्यात हैं। यहां सपा सरकार में अवैध खनन कर पैसा कमाया गया। जल्दी ही कार्रवाई होगी।