झांसी।
विद्युत विभाग ने उन्नाव गेट पंचवटी सब स्टेशन को बड़ागांव के दुनारा
स्थित 220 केवी बिजली घर से 33 केवी लाइन के जरिये जोड़ दिया। सोमवार को
शाम सात बजे सब स्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में दुनारा से मिल रहा करंट
दौड़ना शुरू हो गया। मंगलवार को दुनारा से सूती मिल सब स्टेशन को जोड़ने का
काम होगा। हंसारी पावर हाउस से दो सब स्टेशनों के हटने से यहां का लोड कम
हो गया, जिससे बेहतर आपूर्ति मिलने की संभावना बढ़ गई है।
विद्युत विभाग
ने हंसारी पावर हाउस की ओवर लोडिंग की समस्या को दूर करने के लिए सूती मिल
व पंचवटी सब स्टेशन को दुनारा स्थित 220 केवी सब स्टेशन से जोड़ने की
योजना बनाई थी। इस लाइन में 278 खंभे लगाए गए हैं। सोमवार को विभाग ने
उन्नाव गेट को दुनारा से जोड़ने का काम पूरा कर लिया। शाम सात बजे इस लाइन
में करंट दौड़ना शुरू हो गया। लाइन चालू होने की सफलता पर सभी ने राहत की
सांस ली। इस दौरान अधिशासी अभियंता (द्वितीय) पंकज अग्रवाल, उपखंड अधिकारी
गौरव कुमार, अवर अभियंता सद्गुरु शरण, सुनील कुमार आदि मौजूद थे। इस संबंध
में अधीक्षण अभियंता (नगर) राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को सूती
मिल सब स्टेशन को दुनारा से जोड़ने का काम होगा।
मालूम हो कि अभी
हंसारी पावर हाउस से आने वाली 33 केवी की एक ही लाइन से सीपरी बाजार, सूती
मिल और पंचवटी उन्नाव गेट तीनों सब स्टेशनों को एक साथ चलाया जाता था। इस
लाइन में फॉल्ट आने पर एक साथ तीनों सब स्टेशनों की बिजली गुल हो जाती थी।
वहीं लोड अधिक होने की स्थिति में अकसर इस लाइन को बंद करना पड़ता था। इससे
अब राहत मिलेगी।