अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अभी संगठन सृजन का काम चल रहा है। पार्टी अकेले पूरी ताकत से पंचायत चुनाव लड़ेगी। जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीतकर आने वाले या फिर जिताने वालों को कांग्रेस 2027 में विधानसभा का चुनाव भी लड़ाएगी। झांसी आगमन पर रविवार को वह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव के बाद चुनाव आयोग संदेह के घेरे में है। आने वाले समय में बचे हुए लोगों का विश्वास भी चुनाव आयोग से उठ जाएगा। योग के सवाल पर कहा कि वह रोजाना सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति करते हैं। भाजपाई योग के नाम पर मार्केटिंग करते हैं। एक देश, एक चुनाव पर कहा कि फेडरल सिस्टम से ही चुनाव होना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने यूपी को विनाश की तरफ ढकेल दिया है।
योगी सरकार में माफिया पर कार्रवाई के प्रतीक बुलडोजर से फूल बरसा किया स्वागत
झांसी। योगी सरकार में गुंडों और माफिया पर कार्रवाई का प्रतीक बन चुके बुलडोजर से फूल बरसाकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का झांसी आगमन पर स्वागत किया गया। बुलडोजर से स्वागत के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बुलडोजर दो तरह के होते हैं। ये मोहब्बत की दुकान वाला बुलडोजर है। योगी सरकार का बुलडोजर मोहब्बत को कुचलने और दबाने वाला है। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल रिछारिया, नावेद खान मौजूद रहे।