फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पदयात्रा निकालते समय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत 85 कांग्रेसी गिरफ्तार

Sun, 27 Dec 2020 01:08 AM IST
झांसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, झांसी
विज्ञापन
दैलवारा में गाय बचाओं यात्रा निकालते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू व कार्यकर्ताओं को गिरफ्? - फोटो : LALITPUR
विज्ञापन
शनिवार को ललितपुर के ग्राम दैलवारा में कांग्रेस की गाय बचाओ - किसान बचाओ पदयात्रा में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 64 कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा झांसी में भी पूर्व केंद्रीय मंत्री समेत 21 कांग्रेसियों की गिरफ्तारी हुई। तमाम कांग्रेसियों को घर में नजरबंद कर पुलिस ने यात्रा में शामिल होने से रोका। इस दरम्यान ललितपुर जिले की सीमाओं पर भी पुलिस की कड़ी चौकसी रही।
विज्ञापन


ललितपुर के महरौनी ब्लॉक के ग्राम सौजना की गोशाला में पिछले दिनों गोवंश की मौत हो गई थी। इस मुद्दे पर कांग्रेस शुरुआत से ही आंदोलन कर रही है। इसी के तहत 26 दिसंबर को ग्राम दैलवारा से गाय बचाओ - किसान बचाओ यात्रा निकालने की रणनीति बनाई गई थी। इसे लेकर प्रशासन पहले से ही चौकन्ना हो गया था। यात्रा न निकाली जा सके, इसके लिए बीती रात ही कई कांग्रेसियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया था।'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व बाहर से आने वाले अन्य कांग्रेसियों को रोकने के लिए ललितपुर की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई थी। लेकिन, पुलिस को चकमा देकर प्रदेश अध्यक्ष सुबह ग्राम दैलवारा पहुंच गए और यात्रा शुरू कर दी। अजय कुमार लल्लू गोशाला की मिट्टी से भरी मटकी सिर पर रखकर आगे बढ़ रहे थे। जैसे ही पदयात्रा गांव की गलियों से आगे बढ़कर मुख्य सड़क पर पहुंची, पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया। इस दरम्यान कांग्रेसियों की पुलिस से तीखी झड़प हुई। लेकिन, पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया और प्रदेश अध्यक्ष समेत 64 कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर बस से पुलिस लाइन भेज दिया। बाद में शाम को सभी को निजी मुचलके पर छोड़ा गया।
विज्ञापन


यात्रा में प्रदेश सचिव विकास अवस्थी, जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत, नगर अध्यक्ष हरिबाबू शर्मा, संजय जैन मोदी, रामनरेश दुबे, राकेश रजक, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित यादव, रितिक शुक्ला, प्रदीप रिछारिया, नवनीत किलेदार, जहीर अली रानू, वैभव जैन, शैलू रिछारिया, अंकुश जैन सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

स्थानीय नेता नहीं पहुंच पाए, प्रदेश अध्यक्ष लखनऊ से आए
गाय बचाओ - किसान बचाओ पदयात्रा में तमाम स्थानीय कांग्रेसी नेता शामिल नहीं हो पाए, उन्हें पुलिस ने घर में ही नजरबंद कर दिया। लेकिन, प्रदेश अध्यक्ष पुलिस को चकमा देते हुए पहुंच गए। वे मध्य प्रदेश के रास्ते खेत खलिहानों से होते हुए मोटरसाइकिल से पहुंच गए। जबकि, पुलिस उनका ललितपुर जिले की सीमाओं पर इंतजार करती रही। प्रदेश अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, बाजीराव खांडे, किसान कांग्रेस अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित और प्रदेश महासचिव राहुल राय शामिल भी पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गए और यात्रा में शामिल हो गए। ऐसे में तमाम कांग्रेसी चर्चा करते नजर आए कि लखनऊ से जब प्रदेश अध्यक्ष पहुंच सकते हैं, तो ऐसे में झांसी के नेता तो बेहद आसानी से ललितपुर पहुंच सकते थे। ललितपुर जिले की सीमाएं सटी हुई हैं और ग्रामीण रास्तों से होकर ललितपुर पहुंचना कठिन काम नहीं है। लेकिन, इच्छा शक्ति नहीं दिखाई।

सरकार की लापरवाही से किसान और गाय की हालत खराब:लल्लू
 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। गायें तड़प - तड़प कर मर रही हैं। सरकार इसकी जिम्मेदार है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गायें मरती रहें और हम देखते रहें, यह नहीं चलेगा। न तो गायों को भोजन देने के लिए सरकार पास धन है और न ही व्यवस्था बनाने के लिए धन है। किसान कर्ज में डूबा है, उनकी फसल बर्बाद हो गई है। गायों के मरने से गोशालों में बड़े-बड़े इंतजाम किए जाने के दावों को पोल खुल गई है।

इनकी हुई गिरफ्तारी
ललितपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, बाजीराव खांडे, किसान कांग्रेस अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित, प्रदेश महासचिव राहुल राय आदि गिरफ्तार किए गए। जबकि, झांसी में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, दीपक शिवहरे, प्रिंस कटियार, युवराज सिंह यादव, अवनीत रावत, गिरजाशंकर राय, गौरव राय, समयक जैन, फैजान खान, प्रद्युम्न ठाकुर, प्रदीप दुबे, ललित पटेल, सोनल पटेल, राजकुमार यादव, मनीराम कुशवाहा, सौरभ साहू, धर्मेंद्र कुशवाहा, राजेंद्र शर्मा, फारूख, महमूद व गौरव जैन को गिरफ्तार किया गया।
गोशाला में गाय के लिए खाने - पीने, चारा व ठंड से बचाव के इंतजाम नहीं थे। गायों की दुर्दशा का संज्ञान लेते हुए प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गोशालों की स्थिति सुधारने की मांग की थी। शनिवार को ग्राम दैलवारा स्थित गोशाला से पदयात्रा का आयोजन किया गया था। इसका समापन शहर में तुवन मंदिर परिसर में होना था। प्रशासन ने यात्रा को लगभग एक किलोमीटर चलने के बाद रोक दिया। प्रदेश सरकार तानाशाही कर रही है।
- बलवंत सिंह, जिलाध्यक्ष - कांग्रेस

पुलिस ने यात्रा को रोकने के मकसद से कांग्रेसियों के घरों को छावनी में तब्दील कर दिया था। कांग्रेस नेताओं के घर के बाहर पचास - पचास पुलिस कर्मी बैठाए गए। इसके बाद भी प्रशासन यात्रा को शुरू होने से रोक नहीं पाया। कांग्रेसी अपने संकल्प को पूरा करने में कामयाब हो गए। गाय कोई राजनीति का विषय नहीं है। गाय से हमारी आस्था जुड़ी है। जब तक गाय का मरना बंद नहीं होगा, तब तक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
विज्ञापन

- प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें