झांसी। एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में इंटरनेशनल मॉडल यूनाइटेड कांफ्रेंस
का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता परक शिक्षा से युवा का भविष्य बेहतर हो सकता है।
वहीं, देश-विदेश से आए विद्यार्थियों ने विश्वव्यापी मुद्दों पर विचार साझा
किए।
मुख्य अतिथि ने कहा कि अध्यापक ही विद्यार्थियों के जीवन को सबसे
अधिक लाभान्वित करते हैं। वह ही उनके भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा
कि छात्र अपने समय का सदुपयोग कर भविष्य का बेहतर निर्माण करें। बुंदेलखंड
विश्वविद्यालय के कुलपति अविनाश चंद्र पांडेय ने कहा कि जलवायु परिवर्तन
से कोई भी देश अछूता नहीं है। कांफ्रेंस में इस मुद्दे पर भी चर्चा होनी
चाहिए।
एआईएसईसीटी के कुलपति प्रो. वीके वर्मा ने कहा कि अधिक से अधिक
कार्य करने की क्षमता का विकास प्रत्येक विद्यार्थी को करना चाहिए। रेल
विकास निगम के जीएम पीडी मिश्रा ने मूल्य आधारित शिक्षा पर अपने विचार
व्यक्त किए। माईसेम सीमेंट के उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने ज्ञान को
विद्यार्थियों की धरोहर बताया। संस्थान के चेयरमैन सुरेंद्र कु मार राय ने
कहा कि युवा पीढ़ी से सभी को उम्मीदें रहती हैं। उन्होंने कहा कि युवा अपनी
ऊर्जा व क्षमता का उचित दिशा में प्रयोग करें। ग्रुप डायरेक्टर प्रो. एके
मुखोपाध्याय ने कांफ्रेंस की सफलता के लिए आयोजन समिति के सदस्यों को बधाई
दी। स्वागत ट्रस्टी मेंबर राहुल राय व मैनेजिंग डायरेक्टर अभिनव राय व डॉ.
अर्चना लाला ने स्मृति चिह्न देकर किया। आभार एसोसिएट डायरेक्टर प्रो. एएम
पोपली ने किया। वहीं, चार स्थानों पर चली कांफ्रेंस में विद्यार्थियों ने
अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. नेहा शर्मा ने किया।