- अांबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भाजपा ने बाबा साहेब भीमराव अांबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर पार्टी ने जेल चौराहे पर अांबेडकर पार्क के समीप स्वच्छता अभियान चलाया। साथ ही शाम के समय दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डाला, साथ ही उनकी सामाजिक उत्थान के किए कार्यों के विषय में सभी को अवगत कराया।
सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि भाजपा ने जनसंघ के जमाने से सदैव बाबा साहेब अांबेडकर को बहुत सम्मान दिया, उनके सम्मान में कार्यक्रम किए, जबकि कांग्रेस ने बाबासाहेब को लोकसभा चुनाव नहीं जीतने दिया। यहां तक कि उस जमाने में जब आवागमन के साधन नहीं थे, ऐसे में भी नेहरू बाबा साहेब के खिलाफ चुनाव प्रचार करने अलग से हवाई जहाज से गए थे। जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन ने कहा कि भाजपा सदैव से बाबासाहेब के सिद्धांतों और संविधान का पालन करती रही है, बाबासाहेब के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आंबेडकर के जन्म स्थान से लेकर निर्वाण स्थल तक उनसे जुड़े पांच प्रमुख स्थानों को पंच तीर्थ के नाम से विकसित कर दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित किया है।
जिला महामंत्री बब्बू राजा बुंदेला ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, आज हम सब पार्टी जन बाबा साहेब को दीपांजलि दे कर उन्हें जन्मदिन पर याद कर रहे हैं। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के सदस्य प्रदीप चौबे ने कहा कि बाबासाहेब अांबेडकर सदैव से समान नागरिक आचार संहिता लागू करने के पक्ष में थे, एक देश एक विधान के पक्षधर थे, लेकिन जब कांग्रेस ने उनकी परवाह न कर अपनी मनमर्जी चलाने की कोशिश की, तो बाबा साहेब ने मंत्री मंडल से इस्तीफा दे दिया था । इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, महेश श्रीवास्तव, केदारनाथ तिवारी, चंद्रशेखर पंथ, डॉ.राजकुमार जैन, बसंती लारिया,धर्मेंद्र गोस्वामी, देवेंद्र गुरु,हरीराम सिंह राजपूत, रुचिका बुंदेला,युवा मोर्चा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष गौरव गौतम आदि उपस्थित रहे।