आयुष्मान भारत के दावों का निपटारा न होने पर मंडलायुक्त नाराज
झांसी। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दावों के समय पर निपटारा न होने पर मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने गहरी नाराजगी जताते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने गोवंश की सुरक्षा को लेकर भी कड़े निर्देश दिए।
मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने शनिवार को आयुक्त सभागार में अपनी पहली समीक्षा बैठक में कड़े तेवर दिखाए। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान मंडल में 6517 मामलों में महज 4165 दावे ही निपटाए जाने की बात सामने आई। यह सुनकर मंडलायुक्त नाराज हुए। अफसरों को फटकार लगाते हुए कहासमय पर क्लेम का पैसा न मिलने से योजना सफल नहीं हो सकेगी। उन्होंने सभी लंबित मामले जल्द निपटाने को कहा। बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर चिंता जताते हुए मंडलायुक्त ने इनको जल्द बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसी सड़क प्राथमिकता से बनवाने को कहा, जिनकी दशा बेहद खराब है। सदर बाजार की सड़क को उन्होंने जल्द बनवाने को कहा। बिजली विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने दीपावली पर विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने की तैयारी पूरी करने को कहा। विद्युत बिल में गड़बड़ी की कई शिकायतें मिलने पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
उन्होंने मंडल की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। सरकारी कर्मचारियों को खास तौर पर हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के निर्देश दिए। साइबर क्राइम रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा। गुंडा एक्ट की कार्रवाई तेजी से करने की बात कही। बैठक में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, जिलाधिकारी जालौन डा.मन्नान अख्तर, जिलाधिकारी ललितपुर मानवेंद्र सिंह, अपर आयुक्त सर्वेश दीक्षित, नगर आयुक्त मनोज कुमार, एसएसपी डा.ओपी सिंह, ललितपुर एसएसपी एमएस वेग, सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
गोवंश बेचने वालों की रखी जाए जानकारी
गोवंश की सुरक्षा को लेकर मंडलायुक्त ने खास सतर्कता बरतने की नसीहत दी। उन्होंने उन लोगों का ब्योरा रखने के निर्देश दिए, जिन्होंने अपने गोवंश बेचे हैं। गो आश्रय स्थल पर किसी गोवंश की मृत्यु न हा,े इसके लिए वहां दवाई, चारा, पानी समेत चिकित्सकों से समय-समय पर परीक्षण कराने के निर्देश दिए। आश्रय स्थलों की बदहाली पर ग्राम प्रधान भी अब जिम्मेदार ठहराए जाएंगे। अफसरों से यहां का नियमित दौरा भी करने की बात कही।
लिखी जाएं जन औषधि केंद्र से मिलने वाली दवाइयां
मंडलायुक्त ने जन औषधि केंद्रों की समीक्षा करते हुए चिकित्सकों से यहां मिलने वाली दवाइयों को प्राथमिकता पर लिखने के निर्देश दिए। कहा, इसके जरिए इन केंद्रों को बढ़ावा मिल सकेगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था बनाने के सख्त निर्देश दिए जिससे मरीजों को देखने के समय एमआर अस्पताल परिसर में प्रवेश न कर सकें।
सड़क निर्माण में हो प्लास्टिक का निर्माण
सड़क निर्माण में प्लास्टिक की तकनीक के इस्तेमाल के लिए मंडलायुक्त ने नगर निगम एवं जेडीए अफसरों को निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा प्लास्टिक से सड़क निर्माण होने से उसकी गुणवत्ता बेहतरीन हो सकती है। अन्य जगहों पर हो रहे प्रयोग का अध्ययन करके भविष्य मेें यहां भी इसी रीति से सड़क निर्माण कराया जाए।