झांसी। नगर की हृदय स्थली इलाइट चौराहा व इलाहाबाद बैंक चौराहे (सरदार बल्लभ भाई पटेल चौक) पर नगर निगम मेहरबान हो गया है। यहां का सौंदर्यीकरण कराने के लिए टेंडर पास हो गए हैं। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा। दोनाें चौराहों के सौंदर्यीकरण पर लगभग पंद्रह लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके बाद मिनर्वा चौराहा व बीकेडी चौराहा आदि भी सौंदर्यीकरण की सूची में शामिल किए गए हैं।
गौरतलब है कि नगर के मध्य स्थित इलाइट चौराहे का कई बार सौंदर्यीकरण किया गया, मगर कुछ समय बाद स्थिति जस की तस हो जाती है। नेहरू प्रतिमा के चारों ओर बनीं गोल चौक और उसमें लगे फव्वारे देखरेख के अभाव में जीर्ण-शीर्ण हो जाते हैं, जिससे सारा सौंदर्यीकरण धरा रह जाता है।
महापौर किरन राजू बुकसेलर ने बताया कि इलाइट चौराहे के सौंदर्यीकरण पर लगभग 8.50 लाख रुपये का खर्च आएगा। इन रुपयों से चौराहे के गोल चौक को और बढ़ाया जाएगा। साथ ही इसके अंदर हरी घास, रंगीन लाइटें और फव्वारों को लगाया जाएगा।
इसी प्रकार से इलाहाबाद बैंक चौराहा (पटेल चौक) को भी लगभग 6.50 लाख रुपये से संवारा जाएगा। इसमें चौराहे को थोड़ा बड़ा आकार देते हुए उसमें अत्याधुनिक व फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी। महापौर ने बताया कि इन चौराहों के साैंदर्यीकरण के लिए टेंडर पास कर दिए गए हैं। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। काम पूरा होने के बाद इनके रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम की होगी। इसलिए इस बार इनकी सुंदरता में दाग नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इनके बाद नगर के अन्य चौराहों जैसे, बीकेडी स्थित माहौर चौक, मिनर्वा चौराहा व गोविंद चौराहे के सौंदर्यीकरण की भूमिका बनाई जा रही है।