झांसी। अस्पताल की चौखटों पर मरीज दम तोड़ रहे हैं। आसानी से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। इससे झांसी में मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। हर ओर हाहाकार मचा हुआ है। इलाज के लिए लोग तड़प रहे हैं। स्वास्थ्य संसाधन बौने साबित हो रहे हैं। ये हालात जिले के चारों विधायकों ने मुख्यमंत्री को बताए और झांसी के लिए विशेष मदद मांगी। साथ ही प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवालिया निशान खड़े किए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
झांसी में कोरोना वायरस का संक्रमण तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौत के आंकड़े भी लगातार नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। इसके नियंत्रण के लिए अब तक किए गए उपाय कारगर साबित होते नजर नहीं आ रहे हैं। जनता मदद के लिए विधायकों के पास पहुंच रही है। कोई अस्पताल में दाखिले की गुहार लगाता है, तो कई अपनी मरीज के लिए ऑक्सीजन व रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग करता है। वेंटिलेटर दिलाने के लिए दिन भर विधायकों के फोन घनघनाते रहते हैं। सभी मरीजों की मदद करने में विधायक भी अपने को असहाय महसूस कर रहे हैं। ऐसे में जिले के चारों विधायकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, जिसके जरिये झांसी की भयावह हालात बताते हुए मदद की दरकार की है। पत्र में विधायकों ने कहा है कि देश के बड़े महानगरों की तरह झांसी में कोरोना वायरस का संक्रमण हमलावर रुख अपनाए हुए हैं। लेकिन, संसाधनों के मामले में काफी पिछड़ा है। यही वजह है कि कोरोना मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिसके अभाव में वे दम तोड़ रहे है। प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवालिया निशान खड़े किए गए हैं। इसमें सुधार की महती जरूरत बताई है।
हम जितनी मदद कर सकते हैं कर रहे हैं। सुबह से लेकर देर रात तक मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराने, उन्हें इंजेक्शन, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर उपलब्ध कराने का काम करते रहते हैं। अपनी पूरी ताकत इसमें झोंके हुए हैं। लेकिन, मरीजों की तेजी से बढ़ती संख्या की वजह से अक्सर असहाय स्थिति खड़ी हो जाती है। ऐसे में मुख्यमंत्री से झांसी में स्वास्थ्य संसाधन, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर जैसी व्यवस्था तेजी से बढ़ाने का आग्रह किया है। हालांकि, शासन स्तर पर इस दिशा में काम जारी है।
- रवि शर्मा, सदर विधायक
सरकार की ओर से झांसी को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बावजूद, अस्पतालों की चौखटों पर मरीज दम तोड़ रहे हैं। वे दाखिल नहीं हो पा रहे हैं। जो अस्पताल में हैं, उनका भी समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है। प्रशासन आंकड़ों की बाजीगरी में व्यस्त है। कागजों में जितने स्वास्थ्य संसाधन दिखाए जा रहे हैं, उतने मरीजों को मिल नहीं पा रहे हैं। ये प्रशासनिक व्यवस्थाओं की खामी है। मुख्यमंत्री से प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार का अनुरोध किया है। तभी हालात सुधरेंगे।
- राजीव सिंह पारीछा, बबीना विधायक
झांसी में आसपास के जिलों के मरीज भी इलाज के लिए आते हैं। मध्य प्रदेश के भी बहुत मरीज यहां आते हैं। ऐसे में यहां ज्यादा से ज्यादा स्वास्थ्य संसाधन की आवश्यकता है। झांसी के लिए मुख्यमंत्री से 500 बेड मांगे गए हैं। साथ ही 100 वेंटिलेटर उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है। पत्र में ऑक्सीजन की भी पर्याप्त उपलब्ध सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया है। मुख्यमंत्री को बताया गया है कि झांसी की हालत गंभीर है। ऐसे में यहां विशेष ध्यान देने की नितांत आवश्यकता है।
- बिहारी लाल आर्य, मऊरानीपुर विधायक
झांसी में दिनों दिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। लगातार मौत की खबरें सामने आ रही हैं। इससे हर ओर दहशत का माहौल बना हुआ है। पत्र में मुख्यमंत्री को झांसी की पूरी तस्वीर बताई गई है। बताया गया है कि झांसी में तेजी से स्वास्थ्य संसाधन बढ़ाए जाएं। लोगों को आसानी से अस्पताल, पलंग, ऑक्सीजन, रेमडेसिविर इंजेक्शन, वेंटिलेटर मिल जाए, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हालांकि, झांसी को लेकर सीएम का रुख गंभीर है। सुधार का काम तेजी से जारी है।
- जवाहर लाल राजपूत, गरौठा विधायक