अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पिता के मोबाइल फोन न देने से दुखी होकर बबीना कस्बे में 12वीं कक्षा की छात्रा महक साहू (16) ने फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार शाम घर के ऊपरी कमरे में फंदे से शव लटका मिला। पिता के मुताबिक सुबह स्कूल जाने से पहले महक ने मोबाइल मांगा था।
मनपसंद मोबाइल नहीं मिलने से वह दुखी हो गई और स्कूल जाने से मना कर दिया। शाम को मां ने कमरे में जाकर देखा तो उसका शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस के मुताबिक उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बबीना ब्लॉक कार्यालय के पास रहने वाले प्रदीप साहू की छोटी बेटी महक एक प्राइवेट स्कूल में 12वीं की छात्रा थी। प्रदीप को महक के अलावा एक बेटा अरमान है। वह स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। महक भी पढ़ाई में अच्छी थी। पिता प्रदीप के मुताबिक शनिवार को स्कूल में बाल दिवस का कार्यक्रम था। सुबह स्कूल जाने के लिए वह तैयार हो रही थी। उसने कार्यक्रम की तस्वीरें खींचने के लिए मोबाइल मांगा। प्रदीप ने उसे दूसरा मोबाइल ले जाने के लिए कहा, लेकिन महक ने उसे ले जाने से मना कर दिया। इस पर पिता ने कुछ देर बाद मोबाइल देने की बात कही। इससे नाराज होकर महक ने स्कूल जाने से मना कर दिया। वह अपने कमरे में चली गई।
बताया गया कि शाम करीब पांच बजे के बाद मां ने उसे आवाज देकर नीचे बुलाया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। ऊपर कमरे में जाने पर महक का शव मां की साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला। मां की चीख सुनकर परिवार के लोग पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने भी वहां छानबीन की। थानाध्यक्ष राहुल राठौर का कहना है कि परिजन मोबाइल न मिलने को उसके सुसाइड की वजह बता रहे हैं। कमरे में छानबीन के दौरान सुसाइड नोट नहीं मिला।