अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। घरेलू हॉकी में सिरमौर बनने के लिए मंगलवार को पंजाब और मध्य प्रदेश के बीच खिताबी मुकाबला होगा। मध्य प्रदेश की टीम सभी को चौंकाते हुए फाइनल तक पहुंंची। वहीं, पंजाब के सामने अपनी छवि बचाने की चुनौती होगी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दोनों टीमें अपनी लय में दिखीं। फाइनल मुकाबला ध्यानचंद स्टेडियम में शाम साढ़े पांच से आरंभ होगा।
मेजर ध्यानचंद एस्ट्रोटर्फ हाॅकी स्टेडियम में खेली जा रही 15वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के साथ घरेलू हॉकी में एक टीम की बादशाहत तय हो जाएगी। मध्य प्रदेश ने गत विजेता ओडिशा को हराते हुए फाइनल तक का सफर तय किया जबकि गत उपविजेता हरियाणा को हराकर पंजाब ने फाइनल में अपनी जगह बनाई। सोमवार को दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग अभ्यास सत्रों के बीच मैदान में पहुंच कर पसीना बहाया। खास तौर से खामियों को दूर करने की कोशिश की।
पंजाब के खिलाड़ी सेमीफाइनल में मेजबान उत्तर प्रदेश और गत उपविजेता हरियाणा को हराकर आत्मविश्वास से लबरेज दिख रहे हैं। टीम ने अब तक 12 मैदानी गोल दाग कर सर्वश्रेष्ठ आक्रामक खेल दिखाया है। वहीं, मध्य प्रदेश ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंकाया है। युवा खिलाड़ियों से सजी मध्य प्रदेश की टीम ने भी 12 गोल दागे हैं।
फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव समेत, आयुक्त बिमल कुमार दुबे, डीआईजी केशव चौधरी, जिलाधिकारी अविनाश कुमार समेत खेल निदेशक डाॅ. आरपी सिंह मौजूद रहेंगे।
इनसेट
तीसरे स्थान के लिए उत्तर प्रदेश और मणिपुर में मुकाबला
यूपी के शारदानंद तिवारी अभी तक के टॉप स्कोरर
तीसरे स्थान के लिए मंगलवार दोपहर में मेजबान उत्तर प्रदेश और मणिपुर के बीच मुकाबला खेला जाएगा। पिछली बार भी उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा था। इस दफा टीम जीतने की तैयारी से मैदान में उतरी थी लेकिन, अंतिम क्षणों में पंजाब टीम के शानदार खेल की वजह से उप्र को मैच गंवाना पड़ गया। उत्तर प्रदेश के शारदानंद तिवारी टूर्नामेंट में पांच गोल करके सबसे आगे हैं।
इनसेट
हॉकी इंडिया के आला अफसर भी रहेंगे मौजूद
फाइनल मुकाबले के दौरान हॉकी इंडिया के आला अफसर भी झांसी में रहेंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की, सचिव भोलानाथ सिंह, कोषाध्यक्ष शेखर जे. मनोहरन समेत अन्य पदाधिकारी यहां रहेंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों के खेल पर बारीक निगाह रखने को भारतीय हॉकी टीम के प्रशिक्षक क्रेग फुल्टन (साउथ अफ्रीका), सहायक प्रशिक्षक माइकल कोसमा, आट्रर ल्युकस समेत पूर्व ओलंपियन बलविंदर सिंह, शिवेंद्र सिंह मौजूद रहेंगे।