झांसी। शहर की प्यास बुझाने वाली मेन राइजिंग लाइन को रविवार की रात एक कंपनी के कर्मचारियों ने अंडरग्राउंड केबल डालते समय क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे पानी की टंकियों तक पानी नहीं पहुंच सका तथा आधे से अधिक शहर में सोमवार को जलापूर्ति नहीं हो सकी। बूंद-बूंद पानी के लिए लोग जद्दोजहद करते रहे। पानी के लिए लोग घंटों हैंडपंपों पर लाइन लगाकर खड़े रहे। वहीं, जल निगम कर्मचारियों द्वारा पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य शाम तक कर लिया गया। मंगलवार से सभी क्षेत्रों में जलापूर्ति सामान्य दिनों की तरह होने की उम्मीद जताई गई है।
इलाहाबाद बैंक चौराहे पर रविवार की रात एक कंपनी के कर्मचारी मशीन से अंडर ग्राउंड केबल डाल रहे थे। जमीन के अंदर जाते समय मशीन ने बबीना जल शोधन केंद्र से आने वाली 48 इंची (110 एमएलडी) मेन राइजिंग पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। नुकीले उपकरण ने पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर उसमें छह इंची गोल छेद कर दिया। पाइप लाइन फटते ही पानी जमीन के ऊपर आ गया। चूंकि, ऊपर डामर की सड़क थी, इस कारण पानी सड़क किनारे कई जगह से तेजी के साथ निकलने लगा। रात भर पानी बहता रहा, पर किसी ने गौर नहीं किया। सोमवार की सुबह जब टंकियों तक पानी नहीं पहुंचा, तब जल निगम व जल संस्थान के अधिकारी व कर्मचारियों ने गौर करना शुरू किया। इसके बाद ही सभी को फाल्ट का पता लग सका। बाद में कार्य शुरू करने के लिए माताटीला बांध से पानी बंद कराया गया। पाइप लाइन खाली होने के बाद ही मरम्मत कार्य शुरू हो सका। दोपहर में मरम्मत कार्य शुरू हुआ, जो शाम को पूरा हो सका। इधर, टंकियों तक पानी न पहुंच पाने के कारण संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। हालांकि, कुछ टंकियों में थोड़ा बहुत पानी था, जिससे संबंधित क्षेत्रों को पंद्रह मिनट से आधे घंटे तक सप्लाई देकर राहत देने का काम किया गया। पर, इसके बाद किसी भी क्षेत्र को जलापूर्ति नहीं दी जा सकी।
इन क्षेत्रों में रहा जल संकट
इलाहाबाद बैंक चौराहा पर मेन राइजिंग पाइप लाइन फटने से सिविल लाइन, तालपुरा, खुशीपुरा, सीपरी बाजार, मसीहा गंज, खाती बाबा, सागर गेट, तहसील, नरसिंह राव टौरिया आदि टंकियों में पानी नहीं भर सका। इस कारण सोमवार को संबंधित क्षेत्रों के नलों में एक बूंद पानी नहीं टपक सका। सिविल लाइन, छनियापुरा, सागर गेट, डड़ियापुरा, बाहर बड़ागांव गेट, झोकन बाग, ओरछा गेट, सैंयर गेट, मानिक चौक, गांधी, झारखड़िया, नझाई बाजार, पानी वाली धर्मशाला, खंडेराव गेट, आशिक चौराहा, सुभाषगंज, तलैया मुहल्ला, लक्ष्मी गेट, बंगला घाट, पारेश्वर, बड़ागांव गेट, बड़ा बाजार, मिनर्वा, कचहरी चौराहा, सदर बाजार, गल्ला मंडी, खुशीपुरा, तालपुरा, लक्ष्मी गेट, सागर खिड़की, मेवातीपुरा, राई का ताजिया, सीपरी बाजार, मसीहागंज, मिशन कंपाउंड, गोंदू कंपाउंड, ग्वालटोली, आजाद गंज, खाती बाबा, नंदनपुरा, बीकेडी, पठोरिया, मेहंदी बाग, प्रेमनगर, खाती बाबा, पुलिया नंबर नौ समेत तमाम क्षेत्र के उपभोक्ताओं को एक - एक बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ा। मजबूरन लोगों को हैंडपंपों से पानी भरना पड़ा। ऐसे में हैंडपंपों पर पानी के लिए मारामारी रही।
जलनिगम के अधिशासी अभियंता ए पी यादव ने बताया कि माताटीला से पानी आने में सात से आठ घंटे का समय लगने के कारण मंगलवार से सभी क्षेत्रों की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने बताया कि राइजिंग लाइन को बर्स्ट करने वालों के खिलाफ नगर निगम द्वारा मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
आपे चालक धोते रहे अपने वाहन
इलाहाबाद बैंक चौराहे पर सोमवार की सुबह सड़क से तेजी से निकल रहा पानी आपे चालकों के लिए लाभदायक साबित हुआ। आपे चालक काफी समय तक एक- एक अपने वाहन मौके पर खड़े कर धोते रहे।
नहीं हो सकी टैंकरों से आपूर्ति
झांसी। जल संस्थान के पास पानी के बत्तीस टैंकर हैं। इनमें पच्चीस टैंकरों से जल संकटग्रस्त क्षेत्रों में पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है। मंगलवार को अचानक पानी के लिए मचे हाहाकार के बाद अतिरिक्त टैंकरों का इंतजाम न होने के कारण प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकी।