संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। महानगर में स्थित लक्ष्मी व्यायाम मंदिर खेलों की पाठशाला के रूप में जानी जाती है। यहां से प्रशिक्षित खिलाड़ी हॉकी, मल्लखंभ, जिमनास्टिक आदि खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा रहे हैं।
लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के जिम्नेजियम हॉल में खिलाड़ियों को जिम्नास्टिक और मल्लखंभ का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इन दिनों नौनिहालों के लिए विशेष जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें बालक-बालिका खिलाड़ियों को जिम्नास्टिक के विभिन्न उपकरण बैलेंसिंग बीम, अनईवन बार, बोल्टिंग टेबल, फ्लोर एक्सरसाइज के बारे में बताया जा रहा है। कोच रामबाबू कुशवाहा ने बताया कि जिम्नास्टिक खिलाड़ियों के लिए शुरुआती चरण होता है, जो शरीर को ताकत, लचीलापन, संतुलन और एकाग्रता प्रदान करने के लिए सिखाया जाता है।
प्रशिक्षण में बालक वर्ग के खिलाड़ियों को फ्लोर एक्सरसाइज, पोमिल हॉर्स, पैरेलल बार, रोमिन रिंग एवं हॉरिजेंटल बार पर जिम्नास्टिक की विभिन्न कलाबाजियों एवं विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, बालिका वर्ग की खिलाड़ियों को एरोप्लेन बैलेंस करना, साइड लेग अप बैलेंस करना, कार्ट व्हील, कैटिल जंप, हैंड स्प्रिंग एवं फारवर्ड साल्टो आदि एलिमेंट सिखाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को शारीरिक व्यायाम के साथ-साथ खेल की बारीकियां और तकनीकी जानकारी प्रदान की जा रही है। इससे ये नौनिहाल अच्छे खिलाड़ी बनकर राज्य एवं राष्ट्रीय जिम्नास्टिक स्पर्धाओं में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर मेडल जीतें और देश और झांसी का नाम रोशन करें।