अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। देहात क्षेत्र में पढ़ाई करने के लिए पांच किमी. से भी ज्यादा दूर जाने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से ट्रांसपोर्ट खर्च दिया गया है। कक्षा नौ से 12वीं तक के 822 छात्र-छात्राओं को इसमें शामिल किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने यह योजना सिर्फ बुंदेलखंड के जिलों में शुरू की है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चूंकि बुंदेलखंड के ग्रामीण इलाकों में आवागमन के समुचित संसाधन नहीं हैं, इसलिए पहली बार समग्र शिक्षा अभियान के तहत ट्रांसपोर्ट खर्च देने की योजना शुरू की गई है। इसी के तहत चिह्नित 822 छात्र-छात्राओं के खातों में धनराशि जारी की गई है। इस योजना को चालू करने की वजह छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करना है। इसका परिणाम है कि दो माह में 10 फीसदी अधिक छात्र-छात्राओं की स्कूलों में उपस्थिति दर्ज हुई है। इस योजना का लाभ उन्हीं छात्र-छात्राओं को दिया गया है, जिनके पांच किमी. से ज्यादा दूर पढ़ने जाने की पुष्टि प्रधान व स्कूल प्रधानाचार्य ने की है।
डीआईओएस रती वर्मा ने बताया कि शासन का ध्यान प्रत्येक बच्चे को स्कूल पहुंचाने पर है। कक्षा नौ से 12वीं तक के जिन बच्चों को पांच किमी. से ज्यादा दूर पढ़ने के लिए जाना पड़ रहा है, उनके खाते में समग्र शिक्षा अभियान के तहत छह-छह हजार रुपये ट्रांसपोर्ट खर्च के नाम पर दिए गए हैं।