प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार की शाम को शराब पीने से मना करने पर दो युवकों ने स्टाफ नर्स के बच्चों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इससे दोनों झुलस गए। घटना के बाद बच्चों के चिल्लाने पर दोनों युवक मौके से भाग गए। स्टाफ नर्स शीला पांडेय की तहरीर पर दुरटिया निवासी दुर्गेश पुत्र फूलचंद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्टाफ नर्स शीला पांडेय परिसर में ही बने आवास में ही रहतीं हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार की शाम को उनके बेटे अभय और अमित खेल रहे थे। परिसर में ही बैठकर दो युवक शराब पी रहे थे। बच्चों ने देखा तो उनको अस्पताल में शराब पीने से मना किया। इस पर युवकों ने बच्चों के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आग लगने से अभय का चेहरा और अमित के बाल झुलस गए। घटना के बाद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी आ गए। लोगों को आता देख दोनों युवक मौके से फरार हो गए। दोनों बच्चों का अस्पताल में इलाज कराया गया। उनमें से एक की पहचान दुर्गेश के रूप में की गई जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो सकी। स्टाफ नर्स की तहरीर पर दुर्गेश और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।