क्राफ्ट मेला मैदान में चल रहे ‘झांसी शिल्प महोत्सव’ में सोमवार को सांस्कृतिक मंच पर बच्चों ने नृत्य और समीर भालेराव ने सूफी गायन प्रस्तुत किया।
मुक्ताकाशी मंच पर रविवार को तो कोई कार्यक्रम नहीं हुआ, लेकिन सोमवार को रौनक रही। स्थानीय कलाकारों को मंच पर जगह दी गई। इसमें बेबी इमरान ने ‘नैनों वालों ने छेड़ा मन का तार.....’गीत पर शानदार नृत्य किया। मंच पर दर्शकों की संख्या अधिक नहीं थी, लेकिन जो थे वह तालियां बजाकर बेबी इमरान का हौसला बढ़ा रहे थे। इसके अलावा अंजली और नंदनी ने भगवान शिव और पार्वती के स्वरूप में तांडव नृत्य किया। ‘क्यों तू खड़ी...’ गीत पर भी नृत्य किया। बाद में समीर भालेराव ने सूफी गायन के दौरान दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। उन्होंने ‘इक पल चैन न आए, सजना तेरे बिना...’ प्रस्तुत किया तो दर्शक वाहवाह कर उठे।
माइक लगाया
मुक्ताकाशी मंच से बीते रोज माइक निकाल दिया गया था, लेकिन सोमवार को दोबारा माइक लाया गया। माइक लगाने में एक घंटा से अधिक समय खर्च हो गया। इस कारण दर्शकों को इंतजार करना पड़ा। साढ़े छह बजे के स्थान पर साढ़े सात बजे कार्यक्रम शुरू हो सका। माइक की टेस्टिंग के दौरान जब कई दर्शकों का धैर्य जवाब दे गया तो वह उठकर चले गए।