झांसी। महानगर के तालपुरा पार्क को तीन साल बाद केंद्र सरकार की अमृत योजना का सहारा मिलेगा। शासन ने पार्क के जीर्णोद्धार को योजना में शामिल करते हुए विकास कार्य कराने की मंजूरी दे दी है। 172 लाख रुपये की लागत से पार्क में विकास कार्य कराए जाएंगे।
महानगर में अमृत योजना के तहत छह पार्क चिह्नित किए गए थे। साल 2017 में तीन पार्कों का चयन होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया था, जिसमें से रघुनाथ राव महल पार्क में निर्माण कार्य विवादों के चलते नहीं हो सका। इसके बाद शासन ने अमृत योजना के तहत पार्क में होने वाले निर्माण कार्यों को स्वीकृत नहीं किया। करीब तीन साल तक योजना के जरिए भेजे गए कई प्रस्ताव लटके रहे। अब 2020 में शासन ने तालपुरा में चिल्ड्रेन पार्क बनाने को मंजूरी दी है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। पार्क में अमृत योजना के तहत बच्चों के लिए झूले, कैंटीन, साइकिल ट्रैक समेत कई कार्य कराए जाएंगे। अधिशासी अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि अमृत योजना के तहत तालपुरा में चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।