गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने बुंदेलों की तरफ से बुंदेली अंदाज में जताया आभार, क्षेत्र के विकास का भी उठाया मुद्दा
मोंठ। सदन में बुंदेली बोली को मान्यता देने के फैसले पर गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने बुंदेली में ही मुख्यमंत्री का आभार जताया। विधायक ने कहा कि आप सब जनन खों राम राम पौंचे। सबमें पैलां तौ हम अपने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जू खों खूब हुमक्कें बुंदेलखंड बासियन की तरफ सें बधाई दैबौ चाउत हैं कै उन्ने हमाई मातृभाषा बुंदेलखंडी बोली खौ ई सदन में मान सम्मान दओ है, मान्यता दै दई है। जा बड़े गौरव की बात है कि अब हम बुंदेलखंड की बात बुंदेली में रख पैहें। ई के लानें आपकौ आभार।
महाकुंभ के सफल आयोजन पर कहा कि प्रयागराज कुंभ सनातन धर्म का ऐसा मेला बन गया है, जिसमें विश्वभर के लोग संगम में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। कहा कि विपक्ष लोगों को जातियों में बांटने का काम करता है, वोटों के लिए पीडीए की बात करता है। लेकिन भाजपा सबको साथ लेकर चलती है। इसके साथ ही महाकुंभ के सफल आयोजन पर प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं की तारीफ की। विधायक ने गरौठा की विकास योजनाओं के मुद्दे को भी उठाया।
शुक्रवार को बजट सत्र के दौरान विधानसभा में बुंदेलखंडी भाषा को मिले सम्मान पर विधायक जवाहर राजपूत ने बुंदेली अंदाज में कहा, आप सब जनन खों राम राम पौंचे, अध्यक्ष जी, सबमें पैलां तौ हम अपने माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जू खों खूब हुमक्कें बुंदेलखंड बासियन की तरफ सें बधाई दैबौ चाउत हैं, कै उन्ने हमाई मातृभाषा बुंदेलखंडी बोली खौ ई सदन में मान सम्मान दओ है, मान्यता दै दई है। जा बड़े गौरव की बात है कै अब हम बुंदेलखंड की बात बुंदेली में रख पैहें. ई के लांनें आपकौ आभार।
गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने बजट सत्र के दौरान महाकुंभ जैसे सफल और ऐतिहासिक आयोजन के लिए योगी सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ सनातन धर्म का ऐसा मेला बन गया है, जिसमें विश्व भर के लोग संगम में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। स्नान करने वालों का आंकड़ा 60 करोड़ को छूने जा रहा है। सनातन धर्म का यही प्राचीन पावन कुंभ है जो वसुधैव कुटुंबकम को चरितार्थ करता है। मोदी जी, योगी जी की सरकार में आयोजित महाकुंभ में हर जाति, हर संप्रदाय के लोग पहुंच रहे हैं। विधायक ने विपक्ष के जातिवाद पर चुटकी लेते हुए सदन में कहा कि विपक्ष लोगों को जातियों में बांटने का काम करता है। वोटों के लिए पीडीए की बात करता है, लेकिन भाजपा सबको साथ लेकर चलती है। योगी और मोदी लोगों को जाति के आधार पर बंटने नहीं देंगे। महाकुंभ के आयोजन से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अब तक तीन लाख करोड़ से ज्यादा का लाभ हो चुका है। प्रयागराज ही नहीं अयोध्या में श्रीराम का मंदिर हो, काशी विश्वनाथ मंदिर हो, मथुरा के मंदिर हों हर तरफ प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इससे पुण्य लाभ तो मिल ही रहा है राज्य में धार्मिक पर्यटन का एक सर्किट भी तैयार हुआ है। इसमें हमारे बुंदेलखंड का चित्रकूट भी है। विधायक जवाहर राजपूत ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गुंडाराज का खात्मा हो गया है। माफिया जेल में हैं या फिर दुबक कर बैठे हैं। सीएम के नेतृत्व में किसानों के हित में तमाम योजनाएं काम कर रहीं हैं। गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों का मुफ्त इलाज मुख्यमंत्री राहत कोष से किया जा रहा है। बेघरों को इस सरकार में घर मिल रहे हैं। लोगों की समस्याएं दूर की जा रही हैं।
गरौठा विधायक ने इस दौरान गरौठा विधानसभा में होने वाले विकास कार्यों का भी जिक्र किया और जो काम अभी बाकी हैं उनको भी जल्द कराने का मुद्दा उठाया। विधायक राजपूत ने कहा कि गरौठा क्षेत्र में बन रहे डिफेंस कॉरिडोर में दो साल के अंदर मिसाइलों के कलपुरजे बनना शुरू हो जाएंगे। यह रोजगार के साथ तरक्की के मामले में क्षेत्र की सूरत बदल देगा। 200 मेगावाट सौर ऊर्जा से किसानों की किस्मत बदलेगी। इसके साथ ही विधायक राजपूत ने अनियमितता की जांच के कारण रुकी एरच बांध परियोजना को जल्द शुरू करने के लिए ध्यान आकर्षित कराया। क्षेत्र में पेयजल पुनर्गठन योजना का काम लगभग पूरा हो चुका है और इसे शुरू करने के लिए एरच बांध का निर्माण शुरू होना बहुत जरूरी है। गुरसराय मुख्य नहर की क्षमता बढ़ाई जाने के लिए परीक्षा बांध से लिफ्ट करके पानी ले जाने की योजना को शुरू करना शुरू किया जाना चाहिए। देवरी से प्रतापपुर ठर्रो धनोरा तक सड़क, धनोरा से करवई, ककरवई से गरौठा तक सड़क बननी जरूरी है। लोहागढ़ से सिरसा पनारी से झांसी हाइवे तक सड़क जो जर्जर है, उसे बनाये जाने का काम शुरू किया जाना चाहिए। गुरसराय नगर में नवीन राजकीय महाविद्यालय की स्थापना किया जाना भी जरूरी है। इसके साथ ही गरौठा विधायक ने कई विकास योजनाओं को लेकर विधानसभा में विस्तार से बात रखी।