झांसी। जालसाज ने एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर एक भाजपा नेता को ठगी का शिकार बना लिया। जालसाज ने उनके दो बैंक खातों से आठ हजार रुपये से अधिक की खरीदारी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के मदकखाना निवासी भाजपा नेता किशोर कुमार वर्मा पुत्र स्व. जीवन लाल वर्मा पिछले दिनों मेंहदीपुर बालाजी दर्शन करने गए थे। शनिवार की शाम वह बस से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर 918404859302 व 917631872052 नंबरों से अलग-अलग समय पर फोन आए। फोन करने वाले ने बताया कि वह लखनऊ से बोल रहा है और उनको प्रधानमंत्री मोदी की लाभकारी योजनाओं से जोड़ लिया गया है।
वह अपने बैंक खातों व एटीएम का ब्यौरा बताएं, ताकि उन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। पहले तो उन्होंने यह कहकर बात टालने की कोशिश की कि वह बैंक आकर ही संपर्क कर लेंगे। मगर, सामने से जब पांच-छह बार कॉल आया तो उन्हें यकीन होने लगा कि फोन बैंक से ही आ रहा है। इस पर उन्होंने केनरा बैंक व इलाहाबाद बैंक खातों के एटीएम कोड नंबर बता दिए।
रविवार सुबह उनके मोबाइल पर उक्त व्यक्ति का दोबारा फोन आया और वह मैसेज पर आए चार अंकों का नंबर पूछने लगा। इस पर उनको शक हुआ और सामने वाले व्यक्ति से बार-बार फोन करने का कारण पूछा। इससे उक्त व्यक्ति ने कॉल काट दी। इसके बाद वह सीधा एक एटीएम पर पहुंचे और अपने खातों के स्टेटस की जांच की। जांच के बाद उन्हें पता लगा कि उनके दोनों खातों से 8699 रुपये निकाल लिए गए हैं।
एटीएम कोड नंबर की मदद से खरीदारी कर ली गई थी। चूंकि, रविवार को बैंक बंद था, इस कारण वह सोमवार को एटीएम कार्ड लॉक करा सके। हालांकि, उनके खातों में पैसा नहीं बचा था, इससे बदमाश कोई और खरीदारी नहीं कर सके।