virangna hotel, jhansi hindi news
- फोटो : demo
झांसी। मेडिकल कॉलेज, आईटीआई के बाद अब वीरांगना होटल का खाता सीज कराने की तैयारी नगर निगम ने कर ली है। इसके साथ ही कई अन्य बड़े बकाएदारों को भी वारंट जारी किया गया है। सोमवार को तीन टीमों ने बकाएदारों के घर पर दस्तक दी और उनसे गृहकर के रूप में पौने छह लाख से अधिक का राजस्व वसूला।
अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह के अनुसार गृहकर की बकाया राशि जमा न करने पर अभी तक कई सरकारी विभागों के खाते सीज कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वीरांगना होटल पर भी गृहकर का 81 लाख रुपया बकाया है। कई बार उन्हें नोटिस दिया गया, मगर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इसलिए मंगलवार को उनका खाता सीज करा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा जनक्स होटल पर तीन लाख से अधिक, बुंदेलखंड लॉज पर 12 लाख, पिछोर स्थित पीपी टॉवर पर 21 हजार, स्पर्श हॉस्पिटल पर 16000 रुपये का राजस्व बकाया होने के कारण उन्हें वारंट जारी किया गया है। यदि इन लोगों ने गृहकर की बकाया राशि जमा नहीं की तो सभी का खाता सीज कराया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि उनकेनेतृत्व में सोमवार को तीन टीमें बनाई गईं। इनमें प्रशिक्षु पीसीएस देवेंद्र पाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त आरपी सिंह, कर अधीक्षक आनंद सिंह, केशव प्रसाद व चंदिका प्रसाद, कर संग्राहक कन्हैया लाल व विनोद कुमार को रखा गया। इन टीमों ने वार्ड नंबर 16 के मोहल्ला खातीबाबा, वार्ड 21 महावीरन एवं वार्ड 34 ताज कंपाउंड में विभिन्न बकाएदारों के घर पर दस्तक दी और उनसे 6 लाख 75 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया।