झांसी। स्कूलों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए शासन स्तर से पहल की जा रही है। अब प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में चौकीदारों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षा निदेशक से चौकीदारों का ब्योरा तलब किया है। वहीं, जिला स्तर पर भी मांगे गए विवरण के लिए सूची तैयार की जा रही है।
परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आए दिन चोरी होने के मामले सामने आते हैं। चोर स्कूलों का ताला तोड़कर सामान ले जाते हैं। इसके बाद विभाग को नए सिरे से सामान की खरीद करनी पड़ती है। जिससे विभाग पर आर्थिक बोझ पड़ता है। जिले के करीब 58 विद्यालयों में चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए अब स्कूलों चौकीदार की तैनाती की जाएगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने शिक्षा निदेशक और जिला स्तर के अधिकारियों से कार्यरत कर्मचारियों का पूरा विवरण तलब किया है। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश मंत्री रसकेंद्र गौतम ने बताया कि चोरी की घटनाओं को लेकर कई बार चौकीदारों की तैनाती की मांग की जा चुकी है। जो अब पूरी होने जा रही है। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि अभी निर्देश नहीं मिले हैं। निर्देशों के अनुरूप विवरण शासन को उपलब्ध कराया जाएगा।