थाना प्रेमनगर इलाके में प्रेमी के साथ मिलकर दादी का कत्ल कराने वाली नातिन व उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्यों को भी एकत्रित कर लिया है, ताकि अदालत में पैरवी बेहतर हो सके। जल्द ही, अदालत में अब मुकदमे का ट्रायल शुरू होगा। पुलिस गवाहों पर भी पूरा फोकस कर रही है। आरोपी नातिन व उसका प्रेमी वर्तमान में जेल में हैं।
गौरतलब है 11 जून को महानगर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड रेलकर्मी की पत्नी की घर में ही गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। जिस कमरे में मुमताज की हत्या हुई थी, उसी कमरे में उसकी नाबालिग नातिन भी सो रही थी। शुरुआत से ही पुलिस की जांच भी नातिन के पास आकर ठहर गई थी।
लंबी पड़ताल के बाद आखिरकार पुलिस ने नातिन को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की थी, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक बताया गया था कि नातिन ने अपने प्रेमी तरुण के साथ मिलकर मारा था। किशोरी का मुहल्ले के ही तरुण नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
दादी के कमरे में ही उसकी नातिन सोती थी, लिहाजा अक्सर उसका प्रेमी तरुण रात के वक्त मिलने आ जाया करता था। 11 जून को घटना वाली रात को भी प्रेमी उससे मिलने आया था। इसी बीच दादी ने मिलते हुए देख लिया था। विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश करने पर गला दबाकर मार डाला था। पुलिस ने दोनों पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया था।
इस मामले में पुलिस ने हर बिंदु पर विवेचना के बाद चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें घटना से लेकर गवाह व आरोपी की सारी कुंडली एकत्रित कर ली गई है। प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही केस अदालत में ट्रायल पर शुुरू होगा। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को भी एकत्रित कर लिया है। दोनों आरोपी जेल मेें बंद हैं।