झांसी। मंगलवार को तेरह मिनट पहले झांसी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई नांदेड निजामुद्दीन एसी स्पेशल ट्रेन के मामले में छह कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। इन सभी को चार्जशीट थमा दी गई है।
मालूम हो कि मंगलवार को गाड़ी संख्या 02485 नांदेड़-नई दिल्ली एसी स्पेशल ट्रेन के समय से 13 मिनट पहले रवाना होने के कारण एक दर्जन से अधिक यात्रियों की ट्रेन छूट गई थी। गुस्साए यात्रियों ने डिप्टी एसएस कॉमर्शियल का घेराव किया था, जिसके बाद यात्रियों को पंजाब मेल से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
तब कहीं जाकर स्टेशन अधिकारियों की मुश्किल खत्म हुई थी। इस दौरान दो यात्रियों ने पुस्तिका में भी शिकायत दर्ज कराई थी। रेल प्रशासन ने उक्त मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच सीनियर डीसीएम दुर्गेश दुबे व सीनियर डीओएम अनुराग पटैरिया कर रहे हैं। जांच के उपरांत डिप्टी एसएस परिचालन, आरआरआई व कंट्रोल कर्मचारियों की लापरवाही सामने आईं है।
मंडल रेल प्रबंधक एसके अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में छह कर्मचारियों को चार्जशीट थमा दी गई है। आगे जांच जारी है।