मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। ऐसे में लोगों को वायरल बुखार ही नहीं निमोनिया भी जकड़ रहा है। बच्चे व बड़े दोनों ही इसकी चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में सोमवार को निमोनिया के करीब 11 रोगी भर्ती किए गए हैं।
डॉक्टरों का कहना है तापमान में तेजी से बदलाव हो रहा है। दिन में गर्मी व उमस और रात में ठंडक से वायरल का संक्रमण तेजी से पनप रहा है। इससे काफी लोग बुखार, खांसी-जुकाम की चपेट में आ रहे हैं। संक्रमण की चपेट में आने के बाद उपचार नहीं कराने अथवा सावधानी नहीं बरतने की वजह से बच्चे और बड़े निमोनिया की चपेट में आने लगे हैं। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में सोमवार को करीब 40 फीसदी बच्चे वायरल संक्रमण की वजह से बुखार, खांसी-जुकाम से पीड़ित आए। तीन बच्चों को निमोनिया की वजह से भर्ती किया गया।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर चौरसिया का कहना है कि मौसम में बदलाव से वायरल बुखार व निमोनिया के अलावा कुछ बच्चों में पेट की समस्या हो रही है। वहीं, मेडिसिन विभाग की ओपीडी में 50 फीसदी से ज्यादा रोगियों ने बुखार आदि की शिकायत की। कई रोगियों ने सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की। करीब आठ रोगियों में वायरल बुखार व निमोनिया के लक्षण मिले, जिन्हें भर्ती किया गया।
मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राम बाबू सिंह ने बताया मौसम में बदलाव की वजह से वायरल बुखार और निमोनिया हो रहा है। करीब आठ रोगियों को भर्ती करके उपचार किया जा रहा है।