झांसी। एटा के मारहरा में रहने वाले सीमेंट व्यापारी अशरफ अली (45) की सोमवार की रात ओरछा के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई। उनको मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सकों ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। अशरफ ओरछा में एक सीमेंट कंपनी की होने वाली बैठक में शामिल होने आए थे।
एटा के मारहरा निवासी अशरफ अली सीमेंट के व्यापारी थे। उनके दो बेटी व एक बेटा है। वह सोमवार को सीमेंट कंपनी की एक बैठक में शामिल होने ओरछा आए थे। कंपनी की तरफ से उनको एक होटल में ठहराया गया था। रात में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी हालत बिगड़ गई। इस बात का पता लगने पर उनको गंभीर हालत में झांसी लाया गया। पहले उनको एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उनको मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। इसके बाद उनको मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सकों ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया।
इधर, सूचना मिलने पर आरिफ, सादिक, अनवर, डॉ. निहाल, एजाज, इरशाद व अन्य परिजन एटा व आगरा से झांसी आ गए। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि कंपनी की तरफ से बस से व्यापारियों का ग्रुप ओरछा आया था। होटल से पता चला कि वह रात 11 बजे कमरे में सो रहे थे, जब उनके पार्टनर कमरे में पहुंचे तो आवाज देने पर गेट नहीं खुला। बाद मेें दूसरी चाबी से कमरा खोला गया। वह बेसुध पड़े थे। बाद में उनको अस्पताल लाया गया। अब तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा।