अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भोजला मंडी में लोकसभा चुनाव के तहत की जा रहीं तैयारियों का मंगलवार को डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी राजेश एस ने निरीक्षण किया। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का प्लान भी देखा। सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने भोजला मंडी से पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी के लिए बनाया गया रोडमैप भी देखा और वाहनों की व्यवस्था को देखा। उन्होंने कहा कि वाहनों के आने-जाने में किसी भी तरह की कोई समस्या न हो इसे अवश्य सुनिश्चित कर लिया जाए ताकि ईवीएम सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक जमा हो सके और कार्मिकों को भी कोई समस्या न आए। उन्होंने ईवीएम डिस्पैच के लिए बिंदुवार ड्यूटी लगाई जाने और स्टाफ का आईडी कार्ड चेक करने के उपरांत ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दिए जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्ट्रांग रूम में ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए वहां विद्युत और पानी का संयोजन तत्काल काटकर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खिड़की-दरवाजे पूरी तरह बंद करने को कहा। स्ट्रांग रूम के पास अभिलेख रखने के लिए कक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए कक्ष अवश्य बना लिए जाएं। स्ट्रांग रूम के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उसे बंद करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के साथ ही पानी और शौचालय आदि की भी व्यवस्था अभी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन एके सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीओ सदर स्नेहा तिवारी, सचिव मंडी आदि मौजूद रहे।