संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। ग्राम टहरौली किला में मरघट वाले शंकर जी मंदिर से बमनुआं की ओर जिला पंचायत द्वारा सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। डॉ. साहब सिंह बुंदेला, जगतपाल मिश्रा ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा सीसी रोड को स्वीकृत जगह की बजाय स्थान परिवर्तित कर बनाया जा रहा है।
बताया कि मौके पर 20 से 25 फुट तक चौड़ा रास्ता है, लेकिन तीन मीटर चौड़ी सड़क ही डाली जा रही है। आरोप लगाया कि सड़क के दोनों ओर खाली जगह छूटने के साथ ही चौड़ाई कम होने के कारण मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल होगा। इसके अलावा निर्माण सामग्री के इस्तेमाल में भी मानक का पालन न करने की बात कही। ग्रामीणों ने जिला पंचायत से स्वीकृत जगह पर ही मानक के अनुसार चौड़ी सड़क बनवाने की मांग की है।
उक्त ठेकेदार की पूर्व में भी शिकायत मिली थी। इस पर पेमेंट रुकवा दिया गया था। गुणवत्तापूर्ण कार्य हमारी प्राथमिकता है। अगर शिकायत सही पाई जाती है तो सड़क का दोबारा निर्माण कराया जाएगा। - अंजना जितेंद्र पटेल, सदस्य जिला पंचायत, भस्नेह वार्ड