झांसी। कर चोरी कर ले जाई जा रहीं सुपारी व पान मसाला से भरी दो गाड़ियों को वाणिज्य कर विभाग की प्रवर्तन टीमों ने पकड़ लिया है। दोनों से एक करोड़ दो लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर संतोष तिवारी की अगुवाई में सचल दल द्वितीय ने एक ट्रक पकड़ा, जिसमें कर्नाटक से शाहजहांपुर पान मसाला ले जाया जा रहा था। प्रपत्रों की जांच में सामने आया कि एक ही बिल पर दूसरी बार माल ले जाया जा रहा है। ट्रक में 65 लाख रुपये का पान मसाला पाया गया, जिस पर 38 लाख 65 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, असिस्टेंट कमिश्नर शरद प्रताप सिंह की अगुवाई में सचल दल पंचम ने कर्नाटक से दिल्ली ले जाई जा रही सुपारी से भरा ट्रक पकड़ा। जांच में सुपारी भेजने और पाने वाली फर्म फर्जी पाई गईं। ट्रक में 64 लाख 24 हजार रुपये की सुपारी थी। ट्रांसपोर्टर से इतना ही शमन शुल्क वसूला गया।