चौपाल में मौजूद ग्रामीण,सड़क किनारे विचरण करते अन्ना गोवंश
- पंचायत में किसानों ने की आवाज बुलंद, गोवंशों को गोशालाओं में भेजने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। यूपी किसान कांग्रेस के बैनर तले ग्राम मैलवारा में किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को किसान पंचायत हुई। पंचायत में गोशाला निर्माण को लेकर सैकड़ों किसानों ने जिम्मेदारों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विकासखंड के घेराव की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को गोवंशों को गोशालाओं में भिजवाना चाहिए, जिससे किसानों की फसल बर्बाद न हो।
उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार ने कहा कि मैलवारा गांव में लगभग 3 हजार की आबादी है। जो सरकारी योजनाओं से कोसों दूर है, गांव में न तो कोई अस्पताल है, और पांचवी के बाद न तो हाईस्कूल, इंटर कॉलेज है। बुंदेलखंड में अन्ना जानवर किसी आपदा व मुसीबत से कम नहीं है। खरीफ फसल की बोआई शुरू होने वाली है, गांव का किसान चाहता है कि बोआई और फसल तैयार होने से पहले गांव में गोशाला का निर्माण हो जाए। मैलवारा से लगभग 2 किलोमीटर टकटोली गांव पड़ता है, जहां पर आज भी गोशाला नहीं बनी है। कहा एक महीने के अंदर अगर मैलवारा में गोशाला का निर्माण नहीं हुआ तो मजबूरन विकासखंड मऊरानीपुर का घेराव किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस मौके पर हरलाल यादव, अजीत यादव, परीक्षित पटेल, जगदीश यादव, आशाराम यादव, हरिदास पाल, दयाराम सोनी, हरगोविंद यादव, भगवानदास विश्वकर्मा, ठाकुरदास यादव, कृपा कुशवाहा, रामकृष्ण पाल मौजूद रहे। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि गांव में गोशाला के लिए जगह मांगी गई है। जगह मिलते ही गोशाला का निर्माण करा दिया जाएगा।