मोंठ। गल्ला मंडी में धान की आवक बढ़ने से नकदी का संकट गहरा गया है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) पर्याप्त नकदी उपलब्ध नहीं करा रहा है। इससे गल्ला व्यापारी किसानों की धान खरीद नहीं कर पा रहे हैं।
व्यापारियों ने शुक्रवार को मंडी में धान की खरीद न हो पाने की बात कही। इस समस्या पर गल्ला व्यापार संघ मोंठ के व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को एसडीएम मोंठ को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बैंक से पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि किसान बड़ी संख्या में धान बेचने मंडी आ रहे हैं। नियमानुसार किसानों को उपज का समय से भुगतान करना आवश्यक है। नकदी की कमी से व्यापारी धान खरीदने में असमर्थ हैं।
व्यापारियों ने किसानों को कुछ दिनों तक धैर्य रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसान फिलहाल अपनी धान की उपज मंडी में लाने से बचें। नकदी उपलब्ध न होने पर उन्हें चेक से भुगतान लेने के लिए विवश होना पड़ेगा। व्यापारियों ने एसडीएम से बैंक अधिकारियों से वार्ता कर नकदी व्यवस्था कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में अजय मोहन गुप्त, संतोष कुमार यादव, प्रशांत यादव, मानवेंद्र सिंह, हरी लोहिया, सतीश चंद, देवेश साहू और संदीप गुप्ता शामिल थे।