सेमरी टोल प्लाजा के पास हादसा, गुजरात से महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे गुजरात के श्रद्धालु सड़क हादसे का शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
16मोंठपीएच4,कैप्सन- मोंठ के ग्राम सेमरी टोल प्लाजा के पास खडे ट्रक में तेज गति से जा रही कार ने मारी टक्कर
मोंठ। थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरी टोल प्लाजा के पास रविवार को तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इसमें कार चालक की मौत हो गई और चार घायल हो गए।
बताया जाता है कि गुजरात के आनंद जिले के कमरसद निवासी चार लोग महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे। रविवार सुबह उनकी कार सेमरी टोल प्लाजा के पास हादसे का शिकार हो गई। कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में मीतेश भाई (40) पुत्र शैलेंद्र भाई, उनकी पत्नी आरती बेन (37), जयदेव सोलंकी (47) पुत्र मुकुंद भाई और उनकी पत्नी कवेरी (44) गंभीर रूप से घायल हो गए। मीतेश और जयदेव आपस में मित्र थे और अपने परिवार के साथ महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को तुरंत मोंठ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां पर इलाज के दौरान मितेश की मौत हो गई। कोतवाल अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की तहरीर नहीं मिली है।