झांसी में कचहरी चौराहा के पास सोमवार सुबह कार ने स्कूटी सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान एक छात्र ने दम तोड़ दिया। दूसरे छात्र को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
थाना नवाबाद के मोहल्ला खुशीपुरा निवासी मोहम्मद जमील का पुत्र मेहराज नेशनल हाफिज सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज में कक्षा नौवीं का छात्र था। सोमवार सुबह अपने साथी राजू के साथ स्कूटी पर सवार होकर बस स्टैंड की तरफ निकले थे। दोनों कचहरी चौराहा के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से ठेले में टक्कर मारकर अनियंत्रित हुई कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आकर दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी समेत चालक को पकड़ लिया। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उपचार के दौरान मेहराज की मौत हो गई। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।