झांसी। मेडिकल कॉलेज में वेंटीलेटर न मिलने से परेशान मरीजों को राहत मिलेगी। नगर निगम ने मेडिकल कॉलेज को छह बाइपैप मशीनें मुहैया कराई हैं। इन मशीनों को शनिवार को महापौर रामतीर्थ सिंघल और नगर आयुक्त अवनीश राय ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर को सौंपा।
बाइपैप (बाई लेवल पॉजिटिव प्रेशर मशीन) पूरी तरह से वेंटीलेटर की तरह काम करती है। यह उन मरीजों के लिए प्रयोग की जाती है, जिन्हें वेंटीलेटर की जरुरत कम होती है, लेकिन सांस लेने में तकलीफ होती है। महापौर ने बताया कि मौजूदा दौर में वेंटीलेटर की काफी जरुरत महसूस हो रही है। ये मशीनें उस परिस्थिति में काम आएंगीं, जब वेंटीलेटर की सुविधा नहीं होगी। इससे कोरोना से गंभीर मरीजों को काफी राहत मिलेगी और मुश्किल हालात में जान बचाई जा सकेगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि इस मशीन में एक ट्यूब लगी होती है, जो मास्क से जुड़ी रहती है। मास्क को नाक पर लगाकर मशीन के जरिए मरीज को ऑक्सीजन दी जाती है। उन्होंने बताया कि यह मशीन उन मरीजों के लिए खासी मददगार साबित होती है, जो फेफड़े कमजोर होने से सांस अंदर नहीं खींच पाते हैं। मशीन ज्यादा प्रेशर के साथ ऑक्सीजन को फेफड़ों के अंदर पहुंचाती है। साथ ही सांस की नली को फैलाती है। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने इलाइट चौराहे से चित्रा चौराहा, सर्कि ट हाउस और बस स्टैंड तक निरीक्षण किया। गंदगी और कूड़े के ढेर मिलने पर सफाई निरीक्षक को मौके पर बुलाकर सफाई कराई गई। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार, जोनल सेनेटरी आफिसर रविचंद्र निरंजन मौजूद रहे।
------------
फोटो
नगर निगम की जमीन पर कर लिया अवैध निर्माण, ध्वस्त कराया
झांसी। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने शनिवार को महानगर में जगह-जगह कार्रवाई की। इस दौरान पिछोर में सहारा अस्पताल के पास नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा था। प्रवर्तन दल के साथ कानूनगो और संपत्ति विभाग के अधिकारियों ने जांच की और अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। इसके साथ ही बिपिन बिहारी इंटर कॉलेज के पीछे रास्ते में बोरिंग कराई जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया और चालान काटा। मां शेरावाली अस्पताल और चिरंजीव अस्पताल के पास से हथठेल वालों को हटाया गया। इस मौके पर कानूनगो प्रकाश चंद्र सोनी, संपत्ति सुपरवाइजर सुदेश सिंह, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एनएन वाजपेयी, सूबेदार टीएन पस्तोर, कमलेश मिश्रा, मनोज सिंह, अरविंद सिंह, नीरज नायक, विक्रम सिंह, सुमन तिवारी मौजूद रहे।