अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पैसा दोगुना करने का लालच देकर सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये जमा कराकर चिटफंड कंपनी संचालक कार्यालय में ताला बंद करके भाग निकला। सैकड़ों जमाकर्ताओं का पैसा फंस गया। पैसा डूबने से परेशान एजेंटों ने सीपरी बाजार थाने में आरोपी भरत राजपूत के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सेवाराम ऑयल मिल परिसर निवासी शिकायतकर्ता चंद्रभूषण श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि वह मिशन कंपाउंड स्थित पीएनसी सेविंग निधि लिमिटेड में वरिष्ठ निरीक्षक के तौर पर काम करते थे। कंपनी का निदेशक भरत राजपूत निवासी सीपरी बाजार ने उसे बताया कि कंपनी बचत खाता, आरडी फिक्स डिपोजिट, दैनिक जमा एवं ऋण वितरण करती है। आरडी में पैसा लगाने पर जल्द पैसा दोगुना करके देंगे। भरत की बातों में आकर चंद्रभूषण ने कई लोगों को निवेश के लिए तैयार कर लिया। उसने सलमान खान, हरीश मिश्रा समेत सात लोगों का पैसा जमा करा दिया। आरोप है कि भुगतान का समय आने पर भरत सिंह ने पैसा देने से इन्कार कर दिया। इस तरह से सैकड़ों अन्य लोगों ने भी पैसा जमा कराया था, लेकिन किसी का भी पैसा वापस नहीं हुआ। उनके पैसा मांगने पर कुछ माह पहले भरत गुपचुप तरीके से ऑफिस बंद करके भाग निकला।
चंद्रभूषण का आरोप है यहां काम करने वाले कर्मचारियों को भी वेतन नहीं दिया। धोखाधड़ी की शिकायत लेकर लोग पुलिस के पास पहुंचे, लेकिन मदद नहीं मिली। परेशान होकर कोर्ट की मदद ली। कोर्ट के आदेश पर सीपरी पुलिस ने निदेशक भरत राजपूत के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीपरी बाजार थाना प्रभारी आनंद सिंह के मुताबिक, मामले की छानबीन शुरू करा दी गई है।