फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: संभलकर खरीदें प्लॉट, जेडीए के रडार पर 20 अवैध कॉलोनियां

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन




अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) की कार्रवाई के बावजूद शहर में अवैध कॉलोनियों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। प्राधिकरण ने 20 ऐसी अनाधिकृत कॉलोनियों को चिह्नित किया है, ऐसे में अगर आप प्लॉट खरीदने की सोच रहे हैं तो संभल जाइए। प्राधिकरण से बिना नक्शा स्वीकृत कॉलोनी में हो रहे निर्माण पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है।



आबादी बढ़ने के साथ ही भवनों की मांग में भी इजाफा हुआ है, ऐसे में अवैध कॉलोनियां भी तेजी से विकसित हो रही हैं। नियमानुसार झांसी विकास प्राधिकरण सीमा अंतर्गत जो भी कॉलोनी विकसित की जाती है, उसका नक्शा पास कराना जरूरी है। मगर, जेडीए में विकास शुल्क जमा करने से बचने के चक्कर में विकासकर्ता नक्शा पास नहीं कराते हैं। सिर्फ लेआउट तैयार करवा कर प्लॉट काटकर बेचना शुरू कर देते हैं। ऐसी अनाधिकृत कॉलोनियों में सड़क, बिजली, जलनिकासी, पानी सहित अन्य सुविधाओं का अभाव होता है। ऐसे में खरीदार को जानकारी न होने से वह अवैध कॉलोनी में भूखंड खरीद लेते हैं। जब मकान बनवाना शुरू करते हैं, तब जेडीए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर देता है। झांसी में कई लोगों का अवैध कॉलोनियों में प्लाट खरीदने से पैसा फंस गया है।
विज्ञापन


जेडीए की ओर से चिह्नित 20 अवैध कॉलोनियों में गरियागांव, पैरामेडिकल कॉलेज के पास, हंसारी, रुंदकरारी आदि क्षेत्रों में विकसित की जा रही हैं। जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि इन सभी विकासकर्ताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जो भी कॉलोनी जेडीए से बिना नक्शा पास कराए विकसित की जा रही हैं, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।



500 से दो हजार रुपये वर्ग फीट की दर से बेच रहे प्लाट

अवैध कॉलोनियों में अलग-अलग दरों से भूखंड बेचे जा रहे हैं। दूरदराज की कॉलोनियों में 500 रुपये वर्ग फीट की दर से प्लॉट बिक रहे हैं, जबकि, मुख्य इलाकों में विकसित की जा रहीं अवैध कॉलोनियों में एक से दो हजार रुपये की दर से भूखंड की बिक्री हो रही है। बताया गया कि एक एकड़ की कॉलोनी में छोटे-बड़े 20 से 25 प्लॉट निकल आते हैं।
विज्ञापन




सालभर में 9 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

जेडीए के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि सालभर में नौ अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। सितंबर 2024 में जेडीए ने विकासकर्ता मिंटू खान की रक्सा, शिरोमणि यादव की पैरामेडिकल मार्ग, रोहित की नयागांव रोड गरियागांव, विकासकर्ता शेखर मोदी की पैरामेडिकल रोड, अनुभव श्रीवास्तव की गरियागांव स्थित अवैध कॉलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। वहीं, अक्तूबर में विकासकर्ता राघवेंद्र खरे की एसटीपी के पास ढडरी स्थित कॉलोनी में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला था। नवंबर 2024 में विकासकर्ता सोनू यादव की गरियागांव में और इसी महीने विकासकर्ता सर्वेश पटेल की गढ़मऊ रोड टाकोरी व पैरामेडिकल कॉलेज के पीछे राजेंद्र तिवारी की कोछाभांवर स्थित अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें