सीपरी बाजार के आईटीआई सिद्धेश्वर नगर में रहने वाले एक व्यापारी ने बुधवार की रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह उनका शव रोशनदान पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सीपरी बाजार के आईटीआई सिद्धेश्वर नगर में अखिलेश कुमार शुक्ला अपने तीन पुत्र शरद, दीपक व अनुज के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। उनके बड़े पुत्र शरद शुक्ला ने क्षेत्र में ही शुक्ला बिल्डिंग मैटेरियल के नाम से कारोबार खोल रखा था। शरद की पत्नी श्यामा, पुत्र वीर व शिवम हैं। बुधवार की रात शरद ने दूसरी मंजिल के खाली कमरे के रोशनदान पर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
बुधवार की सुबह परिजनों ने उनका शव फंदे पर लटका देखा तो उनमें कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पड़ोसियों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
इधर, शरद के छोटे भाई अनुज ने बताया कि घर की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य के चलते परिवार के सभी सदस्य पहली मंजिल पर बने कमरों पर ही सो रहे हैं। उनके भाई आधी रात के बाद अचानक ऊपर के कमरे में सोने चले गए। सुबह सात बजे दरवाजा खटखटाया, पर उन्होंने गेट नहीं खोला। सोचा की सो रहे होंगे, थोड़ी देर में जाग जाएंगे। सुबह साढ़े आठ बजे जब राजमिस्त्री काम करने आए, तब दोबारा गेट खटखटाया गया।
इस बार भी अंदर से कोई आवाज न आने पर उन्होंने पड़ोसी की छत पर जाकर अंदर कमरे में देखा तो उनके भाई का शव रोशनदान से नीचे फंदे पर लटका रहा था। उन्होंने बताया कि उनके भाई का सामान्य रूप से जीवन चल रहा था। उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया? किसी की समझ में नहीं आ रहा है। मालूम हो कि, पिछले चार महीने के भीतर सीपरी बाजार क्षेत्र में व्यापारी द्वारा फांसी लगाने की यह तीसरी घटना है।