झांसी। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान ने किसानों की समस्याएं सुनीं। साथ ही जल्द ही समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
एडीएम राम अक्षयवर चौहान ने कहा कि क्रय केेद्रों पर मूंगफली बेचने वाले किसानों का सत्यापन किया जाएगा। खसरा-खतौनी में दर्ज फसल की सूचना की जानकारी की जाएगी। किसान ने मूंगफली बोई नहीं है और बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर व्यापारियों से मूंगफली न ली जाए। किसानों की यूरिया और खाद की कालाबाजारी की शिकायत की। जिस पर उपनिदेशक कृषि कमल कटियार ने कहा कि यूरिया की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। अधिक मात्रा में खाद के परिवहन की जांच भी की जाएगी।
किसान नेता गौरीशंकर बिंदुआ ने कहा कि सरकार संयोजन लेने पर किसानों को तार मुफ्त दे रही है, लेकिन जिले में अधिकारी आदेश से अनजान हैं। उन्होंने गोशाला और आश्रय स्थलों में गोवंश की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की। किसान कमलेश लंबरदार ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी ट्यूबवेल कनेक्शन पर किसानों को पूरा सामान नहीं दे रहे हैं। किसानों को फसल का बीमा भी नहीं मिल रहा है।
महेंद्र शर्मा ने कहा कि मूंगफली क्रय केंद्रों को दो महीने पहले खोला जाए। ताकि किसान सही दाम पर मूंगफली बेच सकें।
बान सिंह ने कहा कि किसान बुवाई में लेट हो गए हैं। गेहूं की ऐसी प्रजाति का बीज उपलब्ध कराया जाए, जिससे कम समय में फसल तैयार हो सके। संजय ईशागढ़ ने भोजला मंडी के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। आरडी कुशवाहा ने गरौठा के ढिपकई विद्युत फीडर से विद्युत आपूर्ति बंद होने की शिकायत की। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी केके सिंह, सीवीओ डॉ. वाईएस तोमर, एलडीएम पवन कुमार समेत तमाम अधिकारी और किसान मौजूद रहे।