झांसी। जनपद में मिलावट का कारोबार खूब फल फूल रहा है। दूध से लेकर घी, तेल से लेकर दाल तक में जबरदस्त मिलावट हो रही है। हाल ये है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में 384 नमूनों में 217 फेल मिले हैं। इसमें 155 अधोमानक, 58 मिथ्याछाप और चार सैंपल असुरक्षित पाए गए हैं।
त्योहार ही नहीं सामान्य दिनों में भी मिलावटखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से नहीं चूक रहे हैं। खाद्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो सबसे ज्यादा दूध के नमूने वित्तीय वर्ष 2021-22 में फेल हुए हैं। इसके बाद दूध से बनी मिठाई भी मानकों पर खरी नहीं उतर रही है। अनाज से लेकर मसाले तक के नमूने फेल साबित हुए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य हरिमोहन श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग की टीम लगातार छापेमारी करके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजती है। अब तक 55.15 लाख रुपये से भी ज्यादा जुर्माना भी वसूला गया है। उन्होंने बताया कि अब तक चार नमूने जो असुरक्षित पाए गए हैं, उनमें दूध से बनी मिठाई, रिफाइंड ऑयल, प्रोसेस्ड फूड, अनाज शामिल है।
यहां कर सकते हैं शिकायत
जिस किसी को भी मिलावट को लेकर शिकायत दर्ज करानी है या फिर अपने खाद्य पदार्थ की जांच करानी है, वो व्यक्ति खाद्य प्रशासन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 05102440280 पर फोन या व्हाट्सएप कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 18001805533 पर फोन करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
किसके-कितने नमूने हुए फेल
.........................................
पदार्थ फेल
दूध 66
मिठाई 19
प्रोसेस्ड फूड 16
अनाज 15
मसाले 12
रिफाइंड तेल 10
बेकरी प्रोडक्ट 10
पनीर 10
खोआ 9
दाल 7
नमकीन 7
सरसों तेल 7
घी 3
पान मसाला 3
अन्य 17