मोबाइल के सहारे आत्महत्या कारणों को तलाशेगी पुलिस
थाना सीपरी बाजार इलाके में आत्महत्या करने वाले नितिन अग्रवाल उर्फ गोलू की मौत की असली कारणों का पुलिस उसके मोबाइल से पता लगाएगी। नितिन के तीन मोबाइल पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। उधर, परिजनों ने क्रिकेट मैच में सट्टा लगाने वाले कुछ लोगों को नाम भी पुलिस को बताए हैं। इस आधार पर भी जांच शुरू हो गई है।
सेंट्रल होटल के पीछे रहने वाले मृतक के चाचा प्रवीण कुमार का कहना है कि नितिन मोबाइल पर मैच में सट्टा खेलता था। विश्वकप के सेमीफाइनल में भारत - न्यूजीलैंड के मैच के बाद से ही वह तनाव में था। कुछ लोग उसे दिन व रात में मोबाइल पर फोन कर रहे थे, जिस कारण वह परेशान था। उन्होंने भी उसको तनाव में देखकर टोका था, लेकिन मृतक ने कुछ भी नहीं बताया था। उनका कहना है कि यदि वह उनको बताता तो वह पूरी मदद करते।
मौके पर पहुंची पुलिस ने नितिन के तीन मोबाइल भी कब्जे में लिए हैं जिनकी पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। चाचा समेत अन्य रिश्तेदारों ने कुछ सटोरियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। परिजनों ने भी अभी कोई जानकारी पुलिस को नहीं दी है। अंतिम संस्कार होने के बाद पुलिस परिजनों से जानकारी लेगी। वहीं, सूचना पाकर मृतक के घर पर व्यापारियों का भी जमावड़ा लगा रहा।
आज होगा अंतिम संस्कार
मृतक नितिन तीन बहनों में एकलौता भाई था। उसकी एक बहन मुंबई, दूसरी पुणे व तीसरी झांसी में रहती हैं। दोनों बहनों के आने का इंतजार है। शनिवार सुबह 8 बजे नंदनपुरा स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक की चार साल पहले शादी हुई थी। उसके एक पुत्र व पुत्री है। घटना के बाद घर में कोहराम मचा है।