फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांसी से राठ जा रही सवारी बस पलटी, एक की मौत, नौ यात्री घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी/बरुआसागर। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बरुआसागर के संकरी पुलिया के पास झांसी से राठ जा रही तेज रफ्तार बस पलट गई। बस से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बस में सवार नौ यात्रियों की हालत गंभीर है। घायलों को मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

बरुआसागर पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब ढाई बजे झांसी से राठ की ओर जा रही प्राइवेट बस बेतवा नदी पार करके नोटक्षीर पानी की टंकी (संकरी पुलिया) के पास पहुंची। उसी समय पेट्रोल भराकर कोलबा निवासी अजय यादव (36) पुत्र महादेव यादव लौट रहा था। सड़क का कट खुला होने से वह वहीं से बाहर निकल रहा था। बस की रफ्तार तेज थी। अचानक बाइक को सामने देखकर बस चालक हड़बड़ा गया। उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन, बस नियंत्रित नहीं हुई और डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क पर पलट गई। बस की चपेट में मोटरसाइकिल सवार अजय भी आ गया। वह बस के साथ करीब सौ मीटर घिसटता चला गया। वह बुरी तरह घायल हो गया। खून से लथपथ होकर अजय वहीं गिर पड़ा।
उधर, बस के पटलते ही कोहराम मच गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षद्रिशयों के मुताबिक बस में 50 से अधिक सवारियां थीं। इसमें दो दर्जन से अधिक महिलाएं एवं बच्चे थे। सभी रोने-चिल्लाने लगे। हादसा देखकर आसपास के लोग भी वहां जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बचाव शुरू कर दिया। गंभीर रुप से घायल अजय को टेंपों में अस्पताल भिजवाया गया। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बस के अंदर फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। इसमें नौ यात्री बुरी तरह घायल हो थे। इन सभी लोगों को पुलिस ने तीन एंबुलेंस से महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस के मुताबिक हादसे में नंदपाल पुत्र श्रीकृष्ण, अमरचंद्र पुत्र बनवारीलाल, अवध बिहारी पुत्र वंशीलाल (सभी राठ निवासी), भारती पुत्री मोतीलाल निवासी मोंठ, ममता पत्नी जग्गी निवासी मोंठ, अनीता खरे पत्नी देवेंद्र खरे निवासी सकरार, राजू अहरिवार पुत्र राकेश निवासी सकरार, बलवान निवासी बिजौली, दिनेश कुमार निवासी उन्नाव गेट बाहर एवं राम निवास निवासी मोंठ गंभीर रूप से घायल हैं। इन सभी को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। बस में सवार अन्य लोगों को भी चोट आई। उनको प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। बरुआसागर इंस्पेक्टर वेदप्रकाश पांडेय के मुताबिक मृतक अजय के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बस को भी कब्जे में ले लिया गया है।
विज्ञापन

एक युवती का हाथ कट गया
इन दर्दनाक हादसे में एक युवती अपना बायां हाथ गवां बैठी। मऊरानीपुर निवासी मोतीलाल की पुत्री भारती (29) झांसी से मऊरानीपुर जाने के लिए इस बस पर सवार हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह बस में बाईं ओर बैठी थी। बस के पलटते ही उसका हाथ खिड़की और सीट के बीच फंसकर कट गया। इस दर्दनाक हादसे को देखकर हर कोई सिहर उठा। भारती को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर-शाम तक उसे होश नहीं आया। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मेडिकल कॉलेज में लगा परिजनों का जमघट
बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज में घायलों के परिजनों का तांता लग गया। परिजन उनके बारे में जानने के लिए बेताब दिखाई पड़े। सकरार निवासी राजू अहिरवार एवं उन्नाव गेट निवासी दिनेश के परिजनों को दुर्घटना का पता नहीं चला था। देर-शाम तक दोनों के घरों से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा। राठ के तीन लोग गंभीर रुप से घायल हैं। इनके परिजन भी देर-शाम अस्पताल पहुंच गए थे।
जरा सी लापरवाही बनी जानलेवा
कोलबा निवासी अजय यादव की जरा सी लापरवाही से करीब एक दर्जन लोग जीवन-मृत्यु के बीच फंस गए। अजय बिजली मिस्त्री का काम करता था। बुधवार दोपहर को वह घर के लिए लौट रहा था। सड़क पर बने कट से जल्दी निकल जाने के लिए उसने अपनी मोटर साइकिल मोड़ दी। बाइक को सामने देख बस चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया। अजय की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें