अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैदान में निर्माणाधीन बुंदेलखंड के पहले कन्वेंशन सेंटर का 95 फीसदी काम पूरा हो गया है। अब 15 मई तक केंद्र बनकर तैयार हो जाएगा। यहां पर कई तरह के कार्यक्रम हो सकेंगे।
पुरुष पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे 22 एकड़ भूमि पर 30 करोड़ की लागत से झांसी विकास प्राधिकरण कन्वेंशन सेंटर का निर्माण 2023 में शुरू हुआ था। सेंटर में बड़ा हॉल बनाया जा रहा है। इसे कई भागों में बांटा गया है। यहां पर एक साथ पांच-छह कार्यक्रम हो सकेंगे। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर प्रदर्शनी, सम्मेलन शामिल हैं। इस सेंटर का इस्तेमाल शादी समारोह से लेकर पार्टी के लिए भी किया जा सकेगा। यहां पर प्लाजा भी बनाया जाएगा।
दोपहिया और चार पहिया वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग की भी सुविधा होगी। दो हजार लोगों की क्षमता वाला बुंदेलखंड का यह पहला कन्वेंशन सेंटर है। जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि केंद्र का 95 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। लाइटें लगाने का काम भी हो गया है। अब फिनिशिंग की जा रही है। 15 मई तक केंद्र बनकर तैयार हो जाएगा।