बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में शोध-विकास (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) सेल का गठन होगा। सोमवार को यूनिवर्सिटी में चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठक के दौरान कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने यह फैसला लिया। सेल के गठन के बाद बीयू में शोध कार्यों को बढ़ावा मिल सकेगा।
मौजूदा समय में विश्वविद्यालय में 10-12 प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं। समीक्षा बैठक में प्रोजेक्ट इंचार्जों/प्रमुख शोधकर्ताओं ने कुलपति को बताया कि प्रोजेक्ट्स के संबंध में कागजी कार्रवाई करने में काफी भागदौड़ करनी पड़ती है। अग्रिम भुगतान कराने में परेशानी होती है।
ऐसे में प्रोजेक्ट्स का कार्य सही से नहीं हो पाता है। बैठक के दौरान ही कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने विश्वविद्यालय में शोध-विकास सेल के गठन का फैसला ले लिया। कुलपति ने बताया कि शैक्षणिक क्षेत्र में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सेल गठित की जा रही है। सेल के इंचार्ज शैक्षणिक संकायाध्यक्ष प्रो. एसपी सिंह होंगे। सेल में वित्त और विभाग का प्रतिनिधि के अलावा प्रोजेक्ट इंचार्ज का सहायक भी होगा। प्रोजेक्ट से संबंधित वास्तविक फाइल रिसर्च सेल के पास रखी जाएगी। फाइल की प्रतिलिपि प्रोजेक्ट इंचार्ज या प्रमुख शोधकर्ता अपने पास रखेंगे।