झांसी। रसद एवं खाद्य विभाग के प्रमुख सचिव सुधीर गर्ग ने कहा कि बुंदेलखंड को तिल का हब बनाना प्रदेश सरकार का उद्देश्य है। इसके लिए जिले में तिल प्रोसेसिंग प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। पीपीपी मॉडल पर ग्यारह करोड़ रुपये की लागत से यह प्लांट विशिष्ट मंडी में स्थापित किया जाएगा। तिल प्रोसेसिंग प्लांट लगाने की तैयारी पूरी है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। यह जानकारी उन्होंने बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान दी।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि क्षेत्र की जलवायु तिलहन उत्पादन के लिए उपयुक्त है। अधिकारी उपयुक्त बीज की मांग करें व किसानों को उपलब्ध कराएं। इस दौरान उन्होंने पचास लाख से अधिक लागत की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए आरईएस को ई- टेंडरिंग प्रक्रिया लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं समय में पूरी की जाएं। बार-बार रिवाइज स्टीमेट न भेजें। कौशल विकास मिशन के तहत जिन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करें। यह योजना तभी सार्थक होगी।
प्रमुख सचिव ने जनपद में चल रहीं पाइप पेयजल योजनाओं की जांच अन्य एजेंसी से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही ग्राम सभा को योजनाएं हस्तांतरित करें। उन्होंने अफसरों से कहा कि योजना संचालन में समस्या हो तो बताएं। शासन स्तर से निराकरण कराया जाएगा। अफसरों को चेतावनी देते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि हमें सोच का दायरा बढ़ाना होगा। संकीर्ण मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है, ताकि विकास कार्यों में तेजी आ सके।
इस मौके पर डीएम अजय कुमार शुक्ला, सीडीओ चंद्र विजय सिंह, एडीएम उमेश नारायण पांडेय, सीएमओ डॉ. विनोद यादव, जिला पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार आदि समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
दीवाली तक बंट जाएंगे 40 फीसदी कार्ड
झांसी। प्रमुख सचिव सुधीर गर्ग ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चालीस फीसदी पात्र उपभोक्ताओं को दीवाली से पहले राशन कार्डों का वितरण कर दिया जाएगा। इसके बाद तेजी से अन्य उपभोक्ताओं को राशन कार्ड दे दिए जाएंगे। सूखे को दृष्टिगत रखते हुए बुंदेलखंड में प्रदेश सरकार की ओर से जून से सितंबर माह तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
विकास भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि बुंदेलखंड को तिल का हब बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। केंद्र की ओर से इसकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई थी, जो भेज दी गई है। एक सवाल का जवाब देते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि बुंदेलखंड का मुश्किल समय गुजर गया है। जल्द अच्छे मानसून की संभावना है। हालांकि, टैंकर से पानी आपूर्ति योजना को दीर्घगामी बनाया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की विषम स्थिति से आसानी से निपटा जा सके।
प्रमुख सचिव से कोटेदार की शिकायत
झांसी। विकास भवन पहुंचे ग्राम परसर के दर्जनों ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव से कोटेदार की शिकायत की। उन्होंने कहा कि कोटेदार द्वारा महीनों से तमाम परिवारों को राशन नहीं दिया जा रहा है। जिन्हें राशन दिया भी जा रहा है, उनसे निर्धारित से अधिक कीमत वसूली जा रही है। दुकान संचालन राशन विक्रेता की जगह एक दबंग द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की। इस पर प्रमुख सचिव ने जांच के निर्देश दिए हैं।