झांसी। बुंदेलखंड में पंजीकृत सभी 32,268 सामाजिक संगठनों का ब्योरा अब डिजिटल होगा। सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसायटी तथा चिट्स के क्षेत्रीय कार्यालय में इस काम की शुरुआत कर दी गई है। ब्योरा डिजिटल होने से संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों को प्रतिलिपि लेने के लिए दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसायटी तथा चिट्स के क्षेत्रीय कार्यालय में बुंदेलखंड के सातों जिलों के 32,268 सामाजिक संगठन पंजीकृत हैं। इनमें झांसी के 6,317, ललितपुर के 1,737, जालौन के 4,939, बांदा के 5,959, हमीरपुर के 4,342, महोबा के 4,698 तथा चित्रकूट के 4,276 संगठन हैं। अब इन सभी संस्थाओं का ब्योरा डिजिटल किया जा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों की सूची, पंजीकरण प्रमाण पत्र व उनके संविधान सभी की कॉपी स्कैन की जा रही हैं। इससे आने वाले दिनों में संस्थाओं के प्रतिनिधि ऑनलाइन अपनी संस्था का ब्योरा देख सकेंगे। साथ ही उसकी प्रतिलिपि भी निकाल सकेंगे। उन्हें कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। इसके लिए संस्थाओं को लॉग इन आईडी व पासवर्ड उपलब्ध कराने की भी योजना है। इसके अलावा ब्योरा डिजिटल होने से ये लंबे समय तक सुरक्षित बना रहेगा। जबकि, अभी कागजी रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने में विभाग को खासी कवायद करनी पड़ती है।
संस्थाओं का ब्योरा डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जबकि, नई पंजीकृत होने वाली संस्थाओं का ब्योरा पहले से ही डिजिटल किया जा रहा है। आगामी कुछ महीनों में ये काम पूरा कर लिया जाएगा। - रवि कुमार, सहायक रजिस्ट्रार - फर्म्स, सोसायटी तथा चिट्स