केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती ने क्राफ्ट मेला मैदान पर हुई जनसभा में कहा कि वह बुंदेलखंड की मूंछ झुकने नहीं देंगी। एक बार फिर बुंदेलखंड राज्य का मुद्दा गर्म करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छोटे राज्यों की पक्षधर है, पार्टी चाहती है कि अलग बुंदेलखंड राज्य का निर्माण हो जाए, पर मध्यप्रदेश के जिले इसके लिए राजी नहीं हैं। यदि वह तैयार हो जाएं तो राज्य बनाने में कोई आपत्ति नहीं है।
मंच पर केंद्रीय मंत्री उमा भारती के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का भाषण हुआ। दोनों नेता दस-दस मिनट ही बोले, जबकि उमा भारती ने बीस मिनट से ज्यादा समय तक माइक थामे रखा। उन्होंने कहा कि तीन साल में बुंदेलखंड का पिछड़ा इलाका अगड़े राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। भारतीय जनता पार्टी छोटे राज्यों की पक्षधर है। वह चाहती हैं कि बुंदेलखंड राज्य बन जाए, लेकिन मध्यप्रदेश इसके लिए तैयार नहीं हैं व उत्तर प्रदेश के जिलों का क्षेत्रफल पर्याप्त नहीं है। यदि मध्यप्रदेश तैयार हो जाए तो बुंदेलखंड राज्य का स्वरूप तय कर राज्य पुनर्गठन आयोग के माध्यम से अलग राज्य का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिफेंस कारीडोर से यहां के युवाओं का पलायन रुकेगा। स्त्री को पैसे के लिए पुरुष के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। केन-बेतवा लिंक परियोजना और क्रांति पथ पर जल्द काम शुरू होगा। बुंदेलखंड की मूंछ कभी झुकने नहीं दूंगी, बल्कि रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को नौकरी मिलेगी। नौकरियां बढ़ने से बुंदेलखंड के लोगों का दिल्ली की ओर पलायन रुक जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में उनके नेताओं के गाल चमकते रहे और गरीब का पेट सूखता रहा। अधिकारी भी जातिवाद की राजनीति का शिकार रहे। आज अधिकारी वही हैं लेकिन उनकी सोच में बदलाव आया है। मुख्यमंत्री योगी का विश्वास विकास में है। उमा बोलीं कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर से यहां की जनता का मुझे कर्ज चुकाने का मौका मिला है। आगे भी क्षेत्र का विकास जारी रहेगा।
उत्साह से लबरेज दिखीं उमा
केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती काफी समय के बाद उत्साह से लबरेज दिखीं। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के संबोधन से पहले वह डायस तक उन्हें ले गईं, उनकी तारीफ की और कहा कि पहली रक्षा मंत्री हैं जिन्होंने सुखोई विमान उड़ाया व संबोधन के बाद भी उन्होंने डायस पर आकर बताया कि रक्षा मंत्री तमिलनाडु की रहने वाली हैं, फिर भी हिंदी बहुत अच्छी बोलती हैं। मंच पर उमा भारती की चाल काफी तेज थी, आमतौर पर ऐसा दिखाई नहीं देता।
18 को आएंगे पेट्रोलियम मंत्री
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 18 अप्रैल को आएंगे। वह बड़ागांव ब्लाक के केशवपुर में राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षण देंगे। इसमें एक हजार राजमिस्त्री शामिल होंगे। स्किल डेवलपमेंट के अंतर्गत युवाओं को भी ट्रेनिंग देंगे। जिले में अभी तक 45,081 व्यक्तिगत शौचालय और 6358 सार्वजनिक शौचालय बनाए जा चुके हैं। जिले में 95,585 शौचालय बनाने का लक्ष्य है और दो अक्तूबर 18 तक लक्ष्य पूरा किया जाना है। ऐसे में दो अक्तूबर तक जिले को खुले में शौचमुक्त घोषित करने की चुनौती है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी मौजूद रहेंगी।
मई में आएंगी हरसिमरत कौर
उमा भारती ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग पार्क की स्थापना के लिए केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर मई में झांसी आएंगी। उन्होंने उनका कार्यक्रम 15 मई से पहले होने की संभावना जताई।
दिल्ली में राज करेंगे बुंदेलखंडी
केंद्रीय मंत्री उमाभारती ने कहा कि अभी बुंदेलखंडवासी रोजगार के लिए दिल्ली जाते हैं, लेकिन डिफेंस कारीडोर से माहौल बदलेगा। वह दिन दूर नहीं, जब बुंदेलखंड के लोग दिल्ली में राज करेंगे।