डॉक्टरों ने पेट से निकाला बालों का गुच्छा
- फोटो : अमर उजाला
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर एक मरीज के पेट से दो किलो बालों का गुच्छा निकाला। मरीज ट्राइकोबीजोर बीमारी से पीड़ित था। यह विचित्र प्रकार की बीमारी होती है, जिसमें मरीज खुद के बाल नोंचकर खाता है।
मेडिकल कॉलेज की जनरल सर्जरी के ओपीडी से एक महिला पेट दर्द व भूख न लगने की समस्या होने पर दिखाने आई। उसने बताया कि पिछले तीन महीने से वह इस समस्या से पीड़ित है।
जांच के बाद डॉक्टर ने उसे भर्ती कर लिया। मरीज का अल्ट्रासाउंड कराने पर यह पता चला कि उसके पेट में बालों का गुच्छा है। इसे मेडिकल साइंस की भाषा में ट्राइकोबीजोर कहते हैं। यह बहुत ही दुर्लभ एवं जटिल बीमारी होती है।
शुक्रवार को डॉ. सूर्य प्रकाश व डॉ. राकेश फौजदार, डॉ. अविनाश श्रीवास्तव, डॉ. अदील अहमद, डॉ. शिव अंकित, डॉ. शिवम और निश्चेतक डॉ. अंशुल जैन, डॉ. बृजेंद्र, डॉ. पूजा ने सर्जरी ओटी में उसका ऑपरेशन किया। इस दौरान मरीज के पेट से दो किलो का बालों का गुच्छा निकला।
डॉक्टरों ने बताया कि मनुष्य की पाचन क्रिया से बाल पच नहीं पाते, जिस कारण बाल व पेट में एकत्रित होने लगते हैं। इसका इलाज सिर्फ सर्जरी से ही है। ये भी देखा गया है कि इस तरह के मरीजों में मानसिक रोगों के लक्षण भी पाए जाते हैं। इस कारण मरीज अपने बालों को खाने लगता है।