अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीयू कैंपस में चल रहे यूजी-पीजी के 32 कोर्सों की प्रवेश परीक्षा मंगलवार को तीन पालियों में होगी। झांसी, कानपुर, लखनऊ, ग्वालियर, छतरपुर व प्रयागराज में बने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की टीम सोमवार को रवाना हो गई। प्रवेश समन्वयक का कहना है कि 31 जुलाई तक परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
प्रवेश समन्वयक प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि बीयू कैंपस में चल रहे 32 पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा में 8600 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। यह परीक्षा सुबह नौ से पूर्वाह्न 11 बजे, दोपहर एक से तीन बजे और शाम चार से छह बजे तक होगी। झांसी में परीक्षा बीयू के नए परीक्षा भवन में होगी, इसके केंद्राध्यक्ष प्रो. आरके सैनी बनाए गए हैं। पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. विनीत कुमार, डॉ. शंभूनाथ सिंह, डॉ. धीरेंद्र सिंह यादव होंगे।
प्रयागराज के परीक्षा केंद्र ठाकुर हर नारायण सिंह डिग्री कॉलेज के पर्यवेक्षक डॉ. ब्रजेंद्र शुक्ला व डॉ. प्रकाश चंद्रा, लखनऊ के सिटी लॉ कॉलेज सेक्टर-नौ जानकीपुरम एक्सटेंशन के पर्यवेक्षक डाॅ. राहुल शुक्ला, छतरपुर के दक्ष इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंस नरायणपुरा रोड के पर्यवेक्षक डॉ. धर्मेंद्र बादल, ग्वालियर के आदित्य कॉलेज सिटी सेंटर के पर्यवेक्षक डॉ. रिषि सक्सेना और कानपुर के एसजे महाविद्यालय हमीरपुर रोड के पर्यवेक्षक डॉ. सुनील त्रिवेदी व डॉ. धीरेंद्र शर्मा बनाए गए हैं। कुलसचिव राजबहादुर ने बताया कि पर्यवेक्षकों की टीम प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट लेकर परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गई है, जिनकी निगरानी में परीक्षा होगी।
बीएससी फॉरेंसिक में दाखिले की दूसरी कटऑफ जारी
झांसी। बीयू में बीएससी फॉरेंसिक की 120 सीट के लिए 490 आवेदन आए हैं, जो देश के सभी राज्यों के विद्यार्थियों के बताए गए हैं। विभाग समन्वयक डॉ. विजय यादव ने बताया कि 23 जुलाई को पहली कटऑफ 77 फीसदी पर रही। सोमवार को जारी दूसरी कटऑफ 71.8 फीसदी रही। ब्यूरो