अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रदेश में बीएड प्रवेश परीक्षा संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की टीमें अलग-अलग जनपदों के लिए रवाना हुईं। यह टीमें जनपदों में जाकर स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित करेंगी। परीक्षा संपन्न कराने के बाद लौटेंगी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा लगातार दूसरी बार प्रदेश में बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा नौ जून रविवार को झांसी समेत प्रदेश के 51 जनपदों के 470 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें दो लाख तेईस हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इन दिनों विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार की सुबह विश्वविद्यालय परिसर से 50 टीमों को रवानगी दी गई। यह टीमें आवंटित जनपदों में जाकर स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों व परीक्षा समन्वयकों के साथ संयुक्त बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करेंगी। साथ ही परीक्षा के दौरान आने वाली किसी भी तरह की समस्या का यह टीमें विश्वविद्यालय से समन्वय स्थापित कर निराकरण करेंगी। टीमों को कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय व कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने रवाना किया। शाम तक ज्यादातर टीमें अपने-अपने जनपदों में पहुंच गईं थीं।
झांसी में छह मजिस्ट्रेट किए गए तैनात
झांसी। झांसी में चार केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। एक केंद्र महिला महाविद्यालय में बनाया गया है, जबकि तीन केंद्र विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए हैं। इन चारों केंद्रों पर दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 2,087 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा शांतिपूर्ण व नकलविहीन संपन्न कराने के लिए दो सेक्टर व चार स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। ब्यूरो