झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने खुद को नेट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) के लिए केंद्र बनाने की दावेदारी ठोक दी है। इसके लिए बीयू प्रशासन ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को पत्र भेजा है, जिसमें परीक्षा के मद्देनजर उपर्युक्त संसाधन व स्थान उपलब्ध होने का हवाला दिया गया है।
सीबीएसई के कार्यकारी निदेशक को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रदेश के अग्रणी विश्वविद्यालय में शुमार बीयू दो बार नैक द्वारा सत्यापित हो चुका है। दो दर्जन शैक्षणिक इमारतों के साथ विश्वविद्यालय में मजबूत संस्थागत ढांचा है। वहीं, सुसज्जित कक्षाओं, सेमिनार हॉल, कम्यूनिटी सेंटर, अंतर्राष्ट्रीय अतिथि गृह, हेल्थ सेंटर आदि के साथ-साथ पांच हजार की क्षमता वाला परीक्षा भवन भी है।
अभी तक सात जनपद वाले बुंदेलखंड क्षेत्र में यूजीसी नेट परीक्षा के लिए कोई भी सेंटर नहीं बनाया गया है। इसलिए विद्यार्थियों को दूसरे शहरों में जाकर परीक्षा देनी पड़ती है। इसी के मद्देनजर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में यूजीसी नेट परीक्षा हेतु केंद्र बनाने का अनुरोध किया गया है।
कुलपति प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय का कहना है कि यदि बीयू को नेट परीक्षा के लिए केंद्र बनाने को मंजूरी मिल जाती है तो बुंदेलखंड के अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। वहीं, आसपास के जनपदों के अभ्यर्थियों के लिए भी एक विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।