टैग: मिशन एडमिशन
- कोर्स में प्रवेश के लिए होड़ रहने के चलते लिया गया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बीएमएलटी (बैचलर ऑफ साइंस इन मेडिकल लेबोरेट्री टेक्नोलॉजी) कोर्स में प्रवेश के लिए अब परीक्षा देनी पड़ेगी। इस कोर्स में प्रवेश के लिए होड़ रहने की वजह से बीयू प्रशासन ने ये फैसला लिया है। अब तक इस कोर्स में मेरिट के आधार पर सीधे प्रवेश होते थे।
बीयू कैंपस और कॉलेजों में संचालित 108 व्यावसायिक कोर्सों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन कोर्सों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं बीयू की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इनमें से कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा तो कइयों में मेरिट के आधार पर प्रवेश मिलते हैं। पिछले साल तक बैचलर ऑफ साइंस इन मेडिकल लेबोरेट्री टेक्नोलॉजी (बीएमएलटी) में भी मेरिट के आधार पर सीधे प्रवेश मिलते थे। मगर इस साल से बीयू प्रशासन ने इस पाठ्यक्रम के लिए भी प्रवेश परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि इस कोर्स में प्रवेश की विद्यार्थियों में काफी होड़ रहती है। अब इसके लिए प्रवेश परीक्षा देनी हाेगी।
-
साढ़े तीन साल का होता है कोर्स
बीएमएलटी कोर्स में 40 सीट हैं और ये पाठ्यक्रम साढ़े तीन साल का है। इस कोर्स की फीस 53000 रुपये है। बायोलॉजी से इंटरमीडिएट या इसके समकक्ष 50 फीसदी अंकों से पास छात्र-छात्राएं इस विषय में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। ओबीसी और एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को अंकों में पांच फीसदी तक की छूट है।